विश्व पुस्तक मेला 25 से

रविवार, 5 फ़रवरी 2012 (01:12 IST)
विश्व पुस्तक मेला दो साल बाद एक बार फिर से प्रगति मैदान में 25 फरवरी से शुरू हो रहा है। नौ दिन तक चलने वाले इस मेले में देश विदेश के 1000 से भी अधिक प्रकाशक हिस्सा लेंगे। मेले का थीम है सिनेमा और साहित्य।


नेशनल बुक ट्रस्ट की ओर से आयोजित यह मेला पुस्तक प्रेमियों के लिए कई तरह से आकर्षण का केन्द्र बनेगा। मेले में भारत के अलावा करीब 25 देशों के प्रकाशक हिस्सा ले रहे हैं। भारत में सिनेमा के सौ वर्ष पूरा होने पर इसका थीम सिनेमा से जोड़कर रखा गया है। इससे जुड़ी पुस्तकें एक अलग पैवेलियन में दिखाई जाएंगी। सिनेमा प्रेमियों के लिए सेमिनार भी आयोजित की जाएगी। मेले में बॉलीवुड से कई फिल्मी हस्तियों के भी शिरकत करने की उम्मीद है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इस बार अंतरराष्ट्रीय राइट्स पर एक पवेलियन भी बनाया जा रहा है। इसमें लेखक और प्रकाशक अपनी कॉपराइट बेच सकते हैं। इसको लेकर एक दूसरे से समझौता कर सकते हैं। बच्चों के साहित्य पर अलग से पवेलियन होगा। उद्घाटन कार्यक्रम में मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल को बुलाया गया है। दर्शकों के लिए मेला देखने का समय 11 बजे से 8 बजे रखा गया है।

वेबदुनिया पर पढ़ें