मेष राशिवालों के लिए कैसा रहेगा 2014

- आचार्य डॉ. संजय

वार्षिक भविष्यफल 2014 : कैसा रहेगा मेष राशिवालों के लिए 2014


FILE


मेष राशि के जातक साहसी, बुद्धिमान और व्यवहारिक होते हैं। आर्थिक रूप से संपन्न तथा भोग-विलास प्रिय होते हैं। इसका स्वभाव स्पष्टवादी होता है। सुंदर शारीरिक बनावट और मानसिक रूप से मजबूत लेकिन अपनी उपलब्धियों से असंतुष्ट रहते हैं। अक्सर क्रोध और धैर्य की कमी से इनके बनते काम भी बिगड़ जाते हैं।


परिवार - मेष राशि वाले जातकों के लिए पारिवारिक मामलों के लिए यह वर्ष मिश्रित रहेगा। वर्ष के पहले भाग में अधिक भागदौड़ के कारण आप परिजनों को अधिक समय नहीं दे पाएंगे। साथ ही सप्तम भाव में स्थित राहु और शनि क्लेश की ओर संकेत करता है। निजी जीवन में कटुता का अनुभव हो सकता है। संयम से काम लेना होगा। आत्म निर्भरता बहुत जरूरी होगी, क्योंकि मित्र और संबंधियों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाएगा।


स्वास्थ्य - प्रथम भाव में स्थित केतु जुलाई माह के मध्य स्वास्थ्य को नरम-गरम रख सकता है। अत: खान-पान पर संयम रखना बहुत जरूरी होगा। उदर विकार होने की आशंका होगी। जुलाई से लग्न पर से राहु-केतु का प्रभाव समाप्त होने वाला है, अत: स्वास्थ्य में सुधार होगा। सप्तम में शनि होने से संयमित दिनचर्या जरूरी होगी और स्वास्थ्य को स्वस्थ बनाए रखने के लिए जहां तक संभव हो गैर जरूरी यात्राओं से बचें।


प्रेम - मेष राशि के जातकों के लिए प्रेम-प्रसंगों के लिए यह वर्ष सामान्यत: बेहतर रहेगा। पुराने प्रेम संबंधों में और प्रगाढ़ता आएगी लेकिन घरेलू समस्याओं को प्रेम के बीच में लाने से बचें। अंतरजातीय प्रेम-प्रसंगों में थोड़ी-सी सावधानी रखने की जरूरत है। विवाहित जातकों को जीवनसाथी को लेकर कुछ परेशानियां संभव हैं। जीवन साथी का स्वास्थ्य खराब रह सकता है।


कार्यक्षेत्र- रोजगार : कार्यक्षेत्र तथा रोजगार के लिए यह वर्ष अनुकूल रहेगा। विजय मिलेगी और सम्मान और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। व्यापार/व्यवसाय में लाभ प्राप्त कर सकेंगे। कर्म स्थान के स्वामी की बेहतर स्थिति के कारण बडे़ कामों के प्रस्ताव मिलेंगे। लेकिन वर्ष की शुरुआत में दशमेश शनि के साथ राहु की युति के कारण कुछ झूठे प्रलोभन वाले प्रस्ताव भी सामने आ सकते हैं। अत: बड़े निर्णय लेने या विकास की योजनाओं पर अमल करने से पहले पूरी जांच परख आवश्यक होगी। इस वर्ष कार्यक्षेत्र में उन्नति होगी। किसी सोची हुई यात्रा पूरी करने से बड़ा लाभ होगा।


धन- संपत्ति : सामान्य तौर पर इस वर्ष आर्थिक स्थिति अच्छी रहने वाली है। बचत करने में सफल रहेंगे। अप्रत्याशित रूप से धन प्राप्ति हो सकती है। लेकिन जुएं, लॉटरी जैसे अनैतिक कार्यों से दूर रहे। बचत को सुरक्षित रखें। घरेलू सामानों की खरीददारी में भी धन खर्च कर सकते हैं।


विद्या : इस वर्ष का प्रथम भाग शिक्षा के लिए अधिक अनुकूल नहीं कहा जाएगा, क्योंकि मेहनत के अनुसार फल नहीं मिल पाएगा। ध्यान एक जगह केन्द्रित करने की आवश्यकता है। अगर किसी नई विद्या के लिए प्रयास कर रहे हैं तो किसी नए पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने से पहले उस संस्थान और पाठ्यक्रम के बारें में सम्पूर्ण जानकारी एकत्र कर लेना जरूरी होगा। वर्ष का दूसरा भाग अनुकूल रहेगा। विदेशों में शिक्षा लेने के इच्छुक जातकों के लिए समय अनुकूल है।

वेबदुनिया पर पढ़ें