राशिफल

तुला
इस राशि के जातकों के लिए यह वर्ष नौकरीपेशा लोगों के लिए अच्छा रहेगा। अपने प्रतिद्वंदियों को प्रतिस्पर्धा से पीछे छोड़कर आप निरंतर आगे की ओर अग्रसर होंगे। जो लोग नौकरीपेशा हैं, उन्हें प्रोमोशन के साथ-साथ कोई अतिरिक्त जिम्मेदारी भी मिल सकती है। अगर आपका स्थानांतर होता है तो उसे सहर्ष स्वीकार कर लें, क्योंकि आगे आपको बहुत लाभ मिलने की संभावना है। व्यावसायिक प्रगति के लिए समय अनुकूल है। व्यापारी वर्ग इस वर्ष किसी नए व्यवसाय में धन निवेश करें तो उन्हें लाभ प्राप्त होगा। वर्षांत में बड़ा निवेश करने से बचें। पैसों के लेन-देन में भी सतर्कता बरतें, क्योंकि किसी नजदीकी व्यक्ति से धोखा मिल सकता है। शेयर बाजार से जुड़े व्यक्तियों के लिए समय अच्छा नहीं है। भावनाओं में बहकर किसी भी प्रकार का निवेश करने से बचें। वर्ष मध्य में लाभदायक स्थिति बनने की संभावना है। यह साल आर्थिक मामलों के लिए संतोषजनक है, साथ ही धन प्राप्ति के योग भी बनेंगे। धन कमाने के लिए आप अतिरिक्त परिश्रम भी करेंगे। आर्थिक प्रगति के लिए आप कोई विशेष योजना बना सकते हैं। कोई पुराना रुका पैसा अचानक वापस मिलने की भी संभावना है। विदेश या जन्म स्थान से दूर धनलाभ होने की भी संभावना है। इस वर्ष विद्यार्थियों को अतिरिक्त मेहनत के लिए तैयार रहना चाहिए। वैसे इस समय आपकी बौद्धिक शक्ति काफी अच्छी रहेगी। करियर का चुनाव करने के लिए आप किसी विशेष व्यक्ति की सलाह ले सकते हैं एवं इस दिशा में फैसला लेने के लिए सक्रिय रहेंगे। अपने शिक्षकों से भी आपको सहयोग मिलने की संभावना है। मनपसंद शिक्षा के क्षेत्र में चुनाव करने के लिए साल का मध्य समय अनुकूल है। जो विद्यार्थी पढ़ाई हेतु विदेश जाना चाहते हैं, उनको अपने प्रयास तेज कर देने चाहिए। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी व उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे जातकों के लिए यह समय परिश्रम करने का है। परिवार में किसी सदस्य का स्वास्थ्य खराब होने से आर्थिक खर्च होगा। भाइयों व कुटुंबियों से आपका कोई विवाद संभव है। आपका मन भी कुछ चिंतायुक्त रहेगा, इस कारण अकारण ही मानसिक रूप से परेशानी महसूस कर सकते हैं। रिश्ते-नातेदारों से दूरियां बन सकती हैं। अनैतिक कार्य से दूर रहने में ही अच्छा है। धार्मिक मामलों में आपकी दिलचस्पी बढ़ सकती है। वाहन चलाते समय सतर्कता रखें, क्योंकि छोटी-मोटी दुर्घटना हो सकती है। पिता के स्वास्थ्य की चिंता रह सकती है। माता एवं परिवार के सदस्यों के साथ संबंध तनावपूर्ण रह सकते हैं। जीवनसाथी के साथ किसी भी प्रकार के वाद-विवाद से बचना होगा। वर्ष के मध्य में स्थिति बेहतर बनने लगेगी। स्वास्थ्य के मामले में आपको सावधानी से चलने की जरूरत है। कामकाज की व्यस्तता की वजह से आप शारीरिक तौर पर अस्वस्थ व थकान अनुभव करेंगे। मौसम परिवर्तन से होने वाली बीमारियों के प्रति सावधानी बरतें। मोटापे से पीड़ित लोगों को मांसपेशियों में दर्द की शिकायत रह सकती है। छोटी-मोटी बीमारियों को नजरअंदाज न करें। कामकाज से थोड़ी राहत मिले तो आप कहीं सैर-सपाटे पर जाने का मन बना सकते हैं। जो पुरानी बीमारी से परेशान हैं, उन्हें अपनी सेहत का खास ख्याल रखना होगा। योगासन एवं ध्यान पर विशेष ध्यान देकर चलें तो इससे आपको काफी लाभ हो सकता है।