अजय देवगन की हालत इस समय घायल शेर की तरह है। बॉक्स ऑफिस पर शिवाय की असफलता से वे लहुलुहान हैं। खून-पसीना लगा दिया था उन्होंने इस फिल्म में। अपने करियर की सबसे बड़ी फिल्म बनाई। पैसे को पानी की तरह बहाया। हॉलीवुड स्टैंडर्ड का एक्शन रखा। खुद निर्देशक की कुर्सी पर बैठ गए और बतौर अभिनेता अपने करियर का नुकसान किया। ये सब बातें तब सफल हो जाती जब 'शिवाय' सुपरहिट रहती।
सौ करोड़ तक पहुंचने के बाद भी अजय के हाथ कुछ नहीं लगा क्योंकि बजट भारी-भरकम था। अजय के स्टारडम को लेकर सवाल उठाए गए और इससे अजय तिलमिला गए। बातों से इन सवालों का जवाब नहीं दिया जा सकता, ये अजय जानते हैं। इसलिए वे खामोश हैं और सुपरहिट फिल्मों के जरिये ही जवाब देने की कोशिश में लगे हुए हैं।
गोलमाल अगेन दिवाली पर रिलीज हो रही है। किस तरह की फिल्म होगी, सभी जानते हैं। अच्छी बात यह है कि इस फिल्म का दिवाली पर किसी फिल्म से कोई मुकाबला नहीं है। मैदान खाली है और गोलमान अगेन सफलता की नई ऊंचाइयां छू सकती है।
अजय से जुड़े लोग बताते हैं कि 500 करोड़ का टारगेट उन्होंने दोनों फिल्मों से तय कर रखा है। बादशाहो से दो सौ करोड़ प्लस और गोलमाल अगेन से तीन सौ करोड़ प्लस। अजय की फिल्मों ने अब तक डेढ़ सौ करोड़ का आंकड़ा भी पार नहीं किया है, लिहाजा यह बात अतिश्योक्तिपूर्ण कुछ लोगों को लगेगी, लेकिन 'बाहुबली 2' के रिलीज होने के पहले हजार करोड़ भी एवरेस्ट से ऊंचा नजर आता था। दर्शकों को फिल्म जम गई तो कुछ भी मुश्किल नहीं है।