बॉलीवुड में होने वाली इस वर्ष की सबसे बड़ी शादियां

2018 खत्म होने को है। इसी के साथ बॉलीवुड फिल्मों की शूट खत्म करने के साथ ही सेलीब्रेशंस की ओर आगे बढ़ रहा है। 2017 में विराट और अनुष्का शर्मा की शादी ने फैंस को दीवाना कर दिया था। इसके बाद सुर्खियां बटोरी सोनम कपूर और आनंद आहुजा ने। नेहा धूपिया और अंगद बेदी भी अब तक चर्चाओं वाली लिस्ट में बने हुए हैं। ऐसे में बॉलीवुड की दो टॉप एक्ट्रेसेस पीछे कैसे रह सकती हैं? जी हां, हम बात कर रहे हैं दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा की।
 
अगस्त में प्रियंका चोपड़ा ने अपने अमेरिकी बॉयफ्रेंड निक जोनास के साथ सगाई कर यह खुशखबरी सभी को दी थी। इसके बाद अब दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने सीधे अपनी शादी का कार्ड सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने रिश्ते को जगजाहिर कर दिया। इसके बाद खबर यह भी है कि टीवी के बेस्ट कॉमेडियन कपिल शर्मा भी जल्द ही अपनी गर्लफ्रेंड गिन्नी चतरथ के साथ शादी करने वाले हैं यानी कि इस वर्ष के अंत तक टॉप सेलीब्रिटीज की शादियों का सेलीब्रेशन फैंस मना पाएंगे।
 
यह वर्ष काफी एक्साइटिंग रहा है और इसे ज्यादा मजेदार बनाने में मदद कर रही हैं इन सेलीब्रिटीज की शादियां। अच्छी बात यह है कि इनकी सीक्रेट मैरिज नहीं है इसलिए फैंस इनकी हर लेटेस्ट अपडेट से वाकिफ रहना चाहते हैं। चाहे वो शादी की डेट्स हों या डेस्टिनेशन या गेस्ट लिस्ट। तो हम आपको बताते हैं कि ये तीनों शादियां कितनी धूमधाम से मनने वाली हैं। 
 
आइए बताते हैं हम आपको प्रियंका चोपड़ा-निक जोनास, दीपिका पादुकोण-रणवीर सिंह और कपिल शर्मा-गिन्नी चतरथ की शादी की तैयारियां। 

दीपिका पादुकोण-रणवीर सिंह
 
हाल ही में दीपिका और रणवीर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से अपनी शादी का इन्विटेशन शेयर किया। दोनों 14-15 नवंबर 2018 को शादी करने वाले हैं। शादी का सेलीब्रेशन भी 10 नवंबर से शुरू हो जाएगा। हालांकि इन दोनों की शादी की खबरें कई वक्त से चर्चा में थीं लेकिन अब यह खुलासा हो चुका है। इनकी प्लानिंग बहुत जोरदार चल रही है। खबरों के मुताबिक दोनों की शादी दो तरीकों से होगी। रणवीर सिन्धी-पंजाबी फैमिली से आते हैं वहीं दीपिका कर्नाटक से आती हैं इसलिए शादी दोनों के रीति-रिवाजों से होगी इसलिए ही दोनों की शादी की डेट्स दो रखी गई हैं।
 
यह डेस्टिनेशन वेडिंग होने वाली है। शादी इटली के लेक कोमो में होगी, जहां और भी कई सेलीब्रिटीज शादी कर चुके हैं। वहीं इसके बाद 1 दिसंबर को मुंबई में एक रिसेप्शन दिया जाएगा जिसमें बॉलीवुड के सभी सितारे मौजूद होंगे। यह वाकई ग्रेट सेलीब्रेशन होने वाला है। इसके पहले 21 नवंबर को बेंगलुरु में भी एक रिसेप्शन देने की प्लानिंग है जिसमें दोनों के परिवारों के बाकी लोगों को इन्वाइट किया जाएगा।
 
वहीं खबर है कि इनकी शादी की गेस्ट लिस्ट में बॉलीवुड से ज्यादा मेहमान नहीं हैं। परिवार और करीबियों के अलावा शादी में बॉलीवुड से गिने-चुने मेहमानों को बुलाया जाना है। इनमें फराह खान, शाहरुख खान, संजय लीला भंसाली और आदित्य चोपड़ा शामिल हैं। इनके अलावा किन्हें बुलाया जाएगा, इस बारे में किसी को नहीं पता।
 
इस शादी की एक खास बात भी है। दीपिका-रणवीर की साथ में पहली फिल्म थी 'रामलीला'। फिल्म 5 वर्ष पहले 15 नवंबर 2013 को रिलीज हुई थी। यहीं से शुरुआत हुई थी दीपवीर के प्यार की और यही वजह है कि इन्होंने अपने प्यार को आगे बढ़ाने और शादी करने के लिए 15 नवंबर की ही तारीख चुनी। 

प्रियंका चोपड़ा-निक जोनास
 
प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास का रोमांस भी कुछ कम पुराना नहीं है। दोनों काफी वक्त से एक-दूसरे के साथ हैं और इस वर्ष अगस्त महीने में दोनों ने मुंबई में हिन्दू रीति-रिवाज से सगाई की। अब दोनों जल्द ही शादी भी करने वाले हैं। हालांकि शादी की तारीख सामने नहीं आई है लेकिन माना जा रहा है कि इस वर्ष नवंबर में ही दोनों शादी कर सकते हैं। हो सकता है दीपवीर और निक्यंका की शादी क्लैश हो जाए। खबर यह भी है कि प्रियंका और निक इस वर्ष 30 नवंबर को शादी करने वाले हैं। इसकी पुष्टि नहीं हुई है। 30 नवंबर को शादी के बाद 1 दिसंबर को मुंबई में रिसेप्शन दिया जाना है, वहीं दीपवीर का रिसेप्शन भी मुंबई को 1 दिसंबर को ही होना है। ऐसे में क्लैश होने की गुंजाइश है।
 
इनकी भी डेस्टिनेशन वेडिंग होगी। लगता है निक को भारत बहुत पसंद है। एक तरफ जहां दूसरे सेलीब्रिटीज इटली जैसी जगहों पर जाकर शादी कर रहे हैं, वहीं प्रियंका-निक जोधपुर में डेस्टिनेशन वेडिंग प्लान कर रहे हैं। दोनों की सगाई भी मुंबई में प्रियंका के घर पर ही हुई थी। 3 दिनों के सेलीब्रेशन में संगीत, शादी और रिसेप्शन शामिल हैं।
 
शादी की डेट्स का खुलासा हालांकि अब तक प्रियंका और निक ने नहीं किया है। लेकिन दोनों ने अपने मेहमानों को इन्विटेशन कार्ड्स भेज दिए हैं। इनमें परिवार के कुछ खास मेहमान ही शामिल हैं। करीब 200 लोगों की मेहमान लिस्ट में उनके कुछ खास पहचान वाले और परिवार वाले ही शामिल हैं।
 
इनकी शादी की खास बात यह है कि शादी पूरी तरह से हिन्दू रीति-रिवाज से ही होगी। निक और उनके परिवार वाले बहुत खुश हैं और उन्हें भी भारतीय रिवाज बहुत पसंद हैं। जोधपुर में शादी के लिए दोनों ने कुछ समय पहले ही प्लानिंग कर बुकिंग कर ली थी। अब देसी गर्ल प्रियंका के साथ निक भी देसी रंग में नजर आने वाले हैं जिसका उनके फैंस को बेसब्री से इंतजार है। 

कपिल शर्मा-गिन्नी चतरथ
 
सभी के फेवरेट कॉमेडियन कपिल शर्मा लंबे समय से अपनी समस्याओं से जूझ रहे थे। लेकिन इन सभी जगह उनकी गर्लफ्रैंड गिन्नी चतरथ ने उनका साथ दिया। हाल ही में अब कपिल ने अपने प्यार को और बढ़ाते हुए शादी करने का फैसला लिया है। इस खबर से सिर्फ टीवी जगह के लोग और फैंस ही नहीं बल्कि पूरी इंडस्ट्री खुश है। कपिल ने खुद इस खुशखबरी का ऐलान करते हुए बताया कि वे इसी साल 12 दिसंबर को पंजाब में गिन्नी के साथ शादी करेंगे। इसके बाद 14 दिसंबर को मुंबई में एक ग्रैंड रिसेप्शन होगा।
 
कपिल और गिन्नी की शादी जालंधर में होगी। जालंधर के होटल क्लब कबाना में शादी होगी। साथ ही जालंधर गिन्नी का होमटाउन है। शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसके अलावा एक रिसेप्शन पार्टी मुंबई में होगी।
 
मेहमानों की लिस्ट का हालांकि अभी इंतजार है। कपिल अभी सिर्फ गिन्नी से शादी के सपने देख रहे हैं बाकी तैयारियां वे समय के साथ रहते करेंगे। वैसे जाहिर-सी बात है कि रिसेप्शन में तो टीवी इंडस्ट्री के सभी कलाकार मौजुद होंगे। इनके अलावा बॉलीवुड के कुछ खास मेहमान भी शामिल हो सकते हैं, क्योंकि कपिल ने फिल्मों में भी काम किया है। फैंस को इंतजार है कपिल की शादी सेलीब्रेशन का। 
 
इस शादी की खास बात यह है कि कपिल हमेशा से ही सादी शादी चाहते थे लेकिन गिन्नी और उनके परिवार को बड़े पैमाने पर शादी करना है इसलिए कपिल ने अपनी होने वाली पत्नी के हिसाब से प्लानिंग की और अब शानदार शादी होने वाली है। खास बात यह भी है कि फैंस इंतजार में हैं कि इतनी लड़ाइयों के बाद क्या सुनील ग्रोवर और कपिल शर्मा के पुराने टीवी शो के साथी इस शादी में शामिल होंगे या नहीं? 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी