यह शुक्रवार सात फिल्मों के नाम

शुक्रवार यानी 25 सितम्बर को ईद है इसके बावजूद कोई बड़े सितारे और बैनर की फिल्म रिलीज नहीं हो रही है इसलिए अवसर को छोटी फिल्म के निर्माताओं ने लपक लिया है। 
 
सात फिल्में रिलीज होने वाली हैं, संभव है कि एकाध फिल्म वाला पीछे हट जाए। हालांकि इसकी संभावना कम है क्योंकि सिनेमाघर वालों के पास भी फिल्में चलाने के लिए नहीं हैं। हीरो, कट्टी बट्टी जैसी फिल्में बमुश्किल एक सप्ताह चल पाईं लिहाजा सिनेमाघरों को चालू रखने के लिए फिल्में तो चाहिए ही।
 
कैलेंडर गर्ल्स, किस किसको प्यार करूं, भाग जॉनी, ग्रो अप, वक्रतुण्ड महाकाय, टाइम आउट और टाइगर : माउंटेन के महाबली (डब) जैसी सात फिल्मों का प्रदर्शन होने जा रहा है। कैलेंडर गर्ल्स और किस किसको प्यार करूं की चर्चा ज्यादा है। इनमें कलाकारों से ज्यादा ‍चर्चित नाम निर्देशकों का है।
किस किसको प्यार करूं के जरिये टीवी के मशहूर कलाकार कपिल शर्मा फिल्मों में अपनी पारी शुरू करने जा रहे हैं। दोनों माध्यमों में बहुत अंतर है। टीवी पर मुफ्त का माल मिलता है जबकि सिनेमाघर में पैसा खर्च कर जाना पड़ता है। कपिल की छवि के अनुरूप 'किस किसको प्यार करूं' एक हास्य फिल्म है।
 
इसे अब्बास-मस्तान ने बनाया है जो थ्रिलर फिल्म बनाने के लिए मशहूर हैं। एक समय अक्षय कुमार और शाहरुख खान जैसे सितारों को लेकर फिल्म बनाने वाले अब्बास-मस्तान इस समय किसी सितारे को लेकर फिल्म प्रारंभ नहीं कर पा रहे हैं। शायद उन्हें अब पुराने दौर का फिल्ममेकर माना जाता है। 
 
'किस किसको प्यार करूं' कपिल के साथ-साथ अब्बास-मस्तान के लिए भी चुनौती है। इस फिल्म की सफलता उनके लिए भी अहम है क्योंकि उन्होंने ज्यादातर फिल्में सितारों को लेकर बनाई है। फिल्म का प्रचार अच्छे से किया गया है और दर्शकों की पहली प्राथमिकता 'किस किसको प्यार करूं' ही रहेगी।
 
मधुर भंडारकर अपनी चमक खो बैठे हैं। फैशन के बाद मधुर द्वारा निर्देशित जेल (2009), दिल तो बच्चा है जी (2011) और हीरोइन (2012) असफल रही। दरअसल मधुर एक जैसी फिल्म बनाने लगे थे और उनकी फिल्में फॉर्मूलाबद्ध हो गई थी। 
 
'कैलेंडर गर्ल्स' उन मॉडल्स के बारे में है जो कैलेंडर के चिकने पन्नों पर छपने के बाद गुम हो जाती है। मधुर और फिल्म का सब्जेक्ट ही फिल्म के यूएसपी हैं। बिकिनी पहनी मॉडल्स का प्रचार मधुर ने पोस्टर और ट्रेलर में किया है और संभवत: इस वजह से फिल्म को अच्छी ओपनिंग मिल सकती है।
 
कुणाल खेमू बतौर हीरो दस वर्ष से फिल्म इंडस्ट्री में हैं और अब तक एक भी कामयाब फिल्म नहीं दे पाए हैं। उनको लेकर 'भाग जॉनी' नामक थ्रिलर मूवी बनाई गई है। फिल्म का प्रचार बहुत ही कम हुआ है लिहाजा ज्यादातर दर्शक जानते भी नहीं हैं कि इस नाम की फिल्म रिलीज हो रही है। इसका खामियाजा फिल्म को भुगतना पड़ सकता है। फिल्म का निर्देशन शिवम नायर ने किया है जो 'महारथी' नामक  थ्रिलर मूवी बना चुके हैं।  
 
ग्रो अप, वक्रतुण्ड महाकाय, टाइम आउट और टाइगर : माउंटेन के महाबली(डब) जैसी फिल्में चुनिंदा शहरों के चुनिंदा सिनेमाघरों में ही रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस की दृष्टि से इन फिल्मों से उम्मीद कम है।

वेबदुनिया पर पढ़ें