क्यों पसंद नहीं आई शाहरुख की 'फैन'- 4 कारण...

शाहरुख खान की 'फैन' को दर्शकों ने नकार दिया है। बॉक्स ऑफिस पर भले ही यह फिल्म लागत वसूल ले, लेकिन जनता की अदालत में फ्लॉप हो चुकी है। पेश है 4 महत्वपूर्ण कारण... जिसकी वजह से यह फिल्म पसंद नहीं की गई। 
 
स्क्रिप्ट बनी खलनायक 
स्क्रिप्ट फिल्म की नापसंदगी का सबसे बड़ा कारण है। फिल्म पहले हाफ तक ठीक है, लेकिन दूसरे हाफ में मामला गड़बड़ हो जाता है। कहानी है दो एक जैसे दिखने वाले शख्स की। आर्यन सुपरस्टार है तो गौरव उसका फैन। जब सुपरस्टार अपने फैन को तवज्जो नहीं देता तो वह उसको सबक सिखाने की कोशिश करता है। फिल्म के दूसरे हाफ में गौरव जिस तरह से हर जगह घुस जाता है वो कतई विश्वसनीय नहीं है। मैडम तुसाद संग्रहालय, अरबपति की शादी में और फिर आर्यन के घर पर सारी सुरक्षा को धता बता कर गौरव हंसते-खेलते घुस जाता है। आर्यन अपने फैन से इतनी कठोरता से क्यों पेश आता है, ये समझ के परे है। फिल्म में गौरव की जगह तो कई बार आर्यन विलेन लगता है। सुपरस्टार का गलियों में अपने फैन का पीछा करना बचकाना है। आर्यन पुलिस की मदद क्यों नहीं लेता? दुनिया को गौरव का नाम क्यों नहीं बताता? ऐसे तमाम प्रश्न फिल्म देखते समय दर्शक के दिमाग में उठते हैं जो फिल्म देखने का मजा किरकिरा करते हैं। स्क्रिप्ट 'फैन' में सबसे बड़ी खलनायक है। 
 

निर्देशक की दुविधा 
मनीष शर्मा का निर्देशन खास नहीं है। उन्होंने पहले हाफ में फिल्म को रियल रखा है, जिससे दर्शकों की एक मानसिकता बन जाती है, लेकिन दूसरे हाफ में फिल्म रियलिटी से दूर हो जाती है और इसका करारा झटका दर्शकों को लगता है। साथ ही उन्होंने पीछा करने वाले दृश्यों को बेहद लम्बा रखा है। गौरव और आर्यन के किरदारों को वे ठीक से प्रस्तुत नहीं कर पाए।

हीरोइन, रोमांस और गाना 
फिल्म में न हीरोइन है, न रोमांस है और न ही गाना। शाहरुख के कट्टर प्रशंसक उन्हें रोमांस और गाना गाते देखना पसंद करते हैं। ठीक है, शाहरुख ने कुछ अलग करने का प्रयास किया है क्योंकि लगातार वे ये काम हर फिल्म में कर आलोचना का शिकार बन रहे थे, लेकिन कमर्शियल फॉर्मेट को ध्यान में रखते हुए थोड़ा रोमांस डाला जा सकता था। पूरी फिल्म में शाहरुख खान के अलावा ऐसा कोई कलाकार नहीं है जिसका नाम भी दर्शक जानते हों। प्रमोशन वाला 'जबरा' सांग को भी फिल्म में जगह नहीं दी गई। इससे आम दर्शक को निराशा हुई।

अधपका आम
फिल्म का प्रचार बहुत कम किया गया। आमतौर पर शाहरुख अपनी फिल्मों का प्रचार दो महीने पहले से ही शुरू कर देते हैं, लेकिन 'फैन' को लेकर शाहरुख ने बहुत कम बात की। कई लोगों को तो यह महसूस हुआ कि अचानक 'फैन' रिलीज कर दी गई। इस वजह से 'फैन' को लेकर माहौल नहीं बन पाया। 

वेबदुनिया पर पढ़ें