प्रियंका बॉलीवुड में 'अलग-थलग' पड़ गई हैं। खान तिकड़ी उनके साथ काम नहीं करना चाहती हैं। जब से शाहरुख खान और प्रियंका के बीच नजदीकियों की चर्चा हुईं, शाहरुख ने उनके साथ काम न करने का फैसला ले लिया। 'डॉन 2' के दौरान यह सब हुआ था और करण जौहर ने बीच में आकर दोनों को दूर किया। यही वजह है कि 'डॉन 3' से प्रियंका का पत्ता कट गया।
सलमान खान भी प्रियंका से खफा हैं। प्रियंका ने उनके साथ एक फिल्म करने से मना कर दिया था और सल्लू बुरा मान गए। प्रियंका ने उन्हें मनाने की लाख कोशिश की हैं, लेकिन सारी फिज़ूल साबित हुई हैं। सलमान रूठ जाए तो आसानी से मानते नहीं हैं और प्रियंका से उन्होंने दूरी बनाए रखी है।
तीसरे खान यानी कि आमिर ने तो अब तक प्रियंका के साथ कोई फिल्म नहीं की है। प्रियंका से उन्हें कोई समस्या नहीं हैं, लेकिन वे इतनी कम फिल्में करते हैं कि प्रियंका के साथ फिल्म करना उनके लिए बहुत ही मुश्किल है।
रणवीर सिंह, रणबीर कपूर, अर्जुन कपूर के साथ प्रियंका की जोड़ी जमती नहीं। वे बड़ी लगती हैं। ऐसे में प्रियंका के लिए ज्यादा गुंजाइश नहीं बचती। अब वे किसी खेमे का हिस्सा नहीं हैं और सुपरस्टार्स की नाराजगी झेल रही हैं। यही वजह है कि उनके पास फिल्में नहीं हैं और वे अकेली पड़ गई हैं।