बॉक्स ऑफिस पर क्या होगा 'तेवर' का?

मंगलवार, 6 जनवरी 2015 (16:27 IST)
2015 का पहला सप्ताह फिल्म निर्माता भाग्यशाली नहीं मानते हैं और पहले सप्ताह में रिलीज हुईं दोनों फिल्में, मुंबई केन डांस साला और टेक इट ईज़ी, उनके इस अंधविश्वास को और मजबूत कर रही हैं। दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी हैं। बॉलीवुड के लिए सही मायनों में शुरुआत नए वर्ष के दूसरे सप्ताह से हो रही है जब 'तेवर' प्रदर्शित होने जा रही है। आइए जानें कि इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर क्या होगा?
 
दमदार टाइटल
फिल्म का नाम 'तेवर' है और इसमें दम है। नाम से ही फिल्म का अंदाज लगाया जा सकता है। बॉलीवुड के टिपिकल हीरो जिस तरह के तेवर दिखाते हैं वो इसका हीरो भी दिखाने वाला है। 

अच्छी स्टार कास्ट
सोनाक्षी सिन्हा तो अपने पैर फिल्म इंडस्ट्री में मजबूती से जमा चुकी हैं और उनके प्रशंसकों की संख्या भी बहुत ज्यादा है। दूसरी ओर अर्जुन कपूर फिल्म दर फिल्म निखरते जा रहे हैं और लगने लगा है कि वे फिल्म इंडस्ट्री में लंबी पारी खेलेंगे। दोनों ने पहली बार साथ काम किया है और जोड़ी अच्छी लग रही है। 
 

मसालों का मिश्रण
हीरो, हीरोइन और विलेन। ये बॉलीवुड का चिरपरिचित फॉर्मूला है। इसी पर तेवर आधारित है। यह दक्षिण भारतीय फिल्म 'ओक्काडू' का रिमेक है। कुछ परिवर्तन किए गए हैं। कहानी को दक्षिण भारत से उठाकर उत्तर भारत में सेट किया गया है। यूं भी अर्जुन कपूर उत्तर भारतीय लड़के की भूमिका में अच्‍छे लगते हैं। फिल्म में सारे वही मसाले हैं जो आम दर्शक को पसंद है। सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों के साथ-साथ यह फिल्म बी तथा सी क्लास सेंटर्स में भी अच्‍छा प्रदर्शन कर सकती है। 

प्रचार और म्युजिक
निर्माता बोनी और संजय कपूर ने फिल्म पर अच्छा-खासा पैसा खर्च किया है। 'तेवर' का प्रमोशन रिलीज के कई महीने पहले शुरू कर दिया था। फिल्म के एक-दो गाने भी हिट हो चुके हैं। 

रिलीज के पहले ही निर्माता सुरक्षित
हालांकि अर्जुन कपूर को सोलो हीरो में लेकर 30 करोड़ रुपये की लागत से फिल्म तैयार करना थोड़ा जोखिम भरा है और बोनी ने ज्यादा पैसा खर्च किया है, लेकिन रिलीज के पहले ही उन्होंने विभिन्न अधिकार बेचकर अपने आपको सुरक्षित कर लिया है। सवाल  अब प्रतिष्ठा का है। लग तो रहा है कि 'तेवर' न केवल बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत करेगी, बल्कि मुनाफे का सौदा भी साबित होगी।

वेबदुनिया पर पढ़ें