Bollywood 2023 हीरो का रिपोर्ट कार्ड: शाहरुख और सनी देओल की शानदार वापसी, सलमान-अक्षय ने किया निराश

समय ताम्रकर

मंगलवार, 19 दिसंबर 2023 (11:28 IST)
2023 बॉलीवुड के लिए बेहद यादगार रहा। लंबे समय बाद हिंदी फिल्मों को ऐसी सफलता मिली। कोविड के बाद तो मानो दर्शक सिनेमाघर आना भूल गए थे, लेकिन इस साल उन्होंने फिल्मों को भरपूर प्यार दिया और बॉलीवुड को पांच ब्लॉकबस्टर मूवी मिली। आइए जानते हैं कि फिल्मी नायकों का रिपोर्ट कार्ड क्या रहा। 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Shah Rukh Khan (@iamsrk)


शाहरुख खान
शाहरुख खान ने इस साल ऐतिहासिक वापसी की। पांच साल बाद उनकी कोई फिल्म रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार सफलता हासिल की। लंबे समय बाद किंग खान ने सफलता का मुंह देखा। वर्ष की शुरुआत में रिलीज हुई पठान ने सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले। इसके बाद जवान तो पठान से भी आगे निकल गई। शाहरुख का एक्शन अवतार पसंद किया गया। अब वर्ष के अंत में उनकी डंकी रिलीज हो रही है।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Sunny Deol (@iamsunnydeol)

सनी देओल 
66 बरस की उमर में बतौर लीड एक्टर इतनी बड़ी ब्लॉकबस्टर शायद ही किसी हीरो ने पहले दी हो। गदर के ब्रैंड पर सवार होकर सनी देओल आए और छा गए। सिंगल स्क्रीन में मानो दर्शकों की सुनामी आ गई हो। ट्रैक्टर और ट्रक में बैठ कर दर्शक फिल्म देखने गए। सनी ने जब हथौड़ा हाथ में लेकर दुश्मनों को कूटा तो दर्शकों की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। 
रणबीर कपूर 
रणबीर कपूर की 'एनिमल' ब्लॉकबस्टर रही। करियर की सबसे बड़ी हिट। पहले सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में रणबीर कपूर की फिल्मों को ज्यादा दर्शक नहीं मिलते थे, लेकिन एनिमल में छोटे शहरों में रणबीर की यह मूवी खूब चली। इस फिल्म के बाद रणबीर कपूर भी 'मास' के हीरो बन गए और बॉलीवुड में उन्होंने लंबी छलांग लगाई है। 'तू झूठी मैं मक्कार' बॉक्स ऑफिस पर औसत रही, लेकिन रणबीर का अभिनय बेहद पसंद किया गया।  

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Salman Khan (@beingsalmankhan)

सलमान खान 
बड़ी हिट दिए सलमान खान को लंबा समय हो गया है। 2023 भी सलमान के लिए नरम रहा। किसी का भाई किसी की जान बॉक्स ऑफिस पर असफल रही। टाइगर 3 दिवाली पर रिलीज हुई। त्योहार के दिन, छुट्टियां, लोकप्रिय फ्रेंचाइज होने के बाद भी बॉक्स ऑफिस पर यह मूवी औसत रही। जरूरत है सलमान को अच्छे निर्देशकों के साथ काम करने की। 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Akshay Kumar (@akshaykumar)

अक्षय कुमार  
अक्षय कुमार की ‍'मिशन रानीगंज' और 'सेल्फी' इतनी बुरी तरह पिटी कि वितरकों और प्रदर्शकों के कलेजे मुंह में आ गए। 'सेल्फी' का लाइफ टाइम कलेक्शन तो 20 करोड़ से भी कम रहा। 'ओएमजी2' में अक्षय ने स्पेशल अपियरेंस अदा किया। फिल्म का सब्जेक्ट और अक्षय की एक्टिंग पसंद की गई। 2023 में अक्षय तेजी से नीचे आए।

रणवीर सिंह 
रणवीर सिंह की 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' बॉक्स ऑफिस पर औसत रही। पिछले दो-तीन बरस उनके लिए खास नहीं रहे। क्या संजय लीला भंसाली ही उनको लेकर हिट बना सकते हैं? ये सवाल उठने लगे हैं।

आयुष्मान खुराना 
आयुष्मान खुराना के लिए पिछले कुछ वर्ष अच्छे नहीं रहे। ड्रीम गर्ल 2 बहुत कामयाब तो नहीं रही, लेकिन आयुष्मान को संभलने का मौका दे गई। 

विक्की कौशल 
कम बजट की फिल्म में चिर-परिचित चेहरा लेना हो तो प्रोड्यूसर की पसंद विक्की कौशल है। 'सैम बहादुर' में विक्की ने अपने अभिनय के जौहर दिखाए। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औसत रही। जरा हटके जरा बचके हिट रही  तो 'द ग्रेट इंडियन फैमिली' बुरी तरह फ्लॉप रही। विक्की के लिए वर्ष मिला जुला रहा।    
 
अजय देवगन  
अजय देवगन के लिए 2023 खास नहीं रहा। 'भोला' निर्देशित भी की और अभिनय भी किया, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर असफलता हाथ लगी। जरूरत है अधिक फिल्म और अच्छी फिल्म करने की।   
 
टाइगर श्रॉफ  
टाइगर श्रॉफ की 'गणपत' से बहुत उम्मीद थी, लेकिन फिल्म इतनी घटिया होगी किसी ने सोचा न था। साल की बड़ी फ्लॉप फिल्मों में से ये एक रही। टाइगर के लिए एक्टिंग यानी हाथ-पैर चलाना या स्टंट करना ही है। अब इससे आगे निकलने की जरूरत है। 
 
कार्तिक आर्यन 
कार्तिक की 'शहज़ादा' फ्लॉप रही और 'सत्य प्रेम की कथा' औसत रही। 2022 में चमकने वाले कार्तिक 2023 में कुछ खास नहीं कर पाए। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी