करियर के टॉप पर अचानक क्यों इंडस्ट्री से दूर हो गईं 'देख ले' गर्ल मुमैत खान? बोलीं- दिमाग की नसें फट गई थीं

WD Entertainment Desk

शनिवार, 7 फ़रवरी 2026 (12:14 IST)
फिल्म 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' के गाने 'देख ले' से मुमैत खान ने रातों-रात लोकप्रियता हासिल की थी। मुमैत खान ने 13 साल की उम्र में अपना करियर शुरू कर दिया था। 18 की उम्र में 'देख ले' गाने से वो पूरे देश में सनसनी बन गईं। इसके बाद उन्होंने कई ‍फिल्मों में आइटम नंबर किए। लेकिन फिर अचानक मुमैत स्पॉटलाइट से गायब हो गईं।
 
पाकिस्तानी पिता और साउथ इंडियन मां के घर जन्मी मुमैत खान एक एक्सीडेंट के बाद कोमा में चली गई थीं। डॉक्टर ने उन्हें काम न करने की सलाह दी और फिर सात साल तक मुमैत ने कोई काम नहीं किया। हाल ही में एक इंटरव्यू में मुमैत ने अपने परिवार, करियर और दुर्घटना के बारे में बात की है। 
 
iDream Media से बात करते हुए मुमैत ने कहा, मेरे माता-पिता ने कभी हमें पैसे कमाने के लिए नहीं कहा। जैसे-जैसे हम बड़े हो रहे थे, मेरी बहन और मुझे पता चल गया कि हमारे पास पैसे खत्म हो रहे हैं। बचपन में मैं स्कूल पैदल जाती थी ताकि 1.50 रुपए बचा सकूं। मैं उसे अपनी गुल्लक में डालती और अपने पिता को दे देती। उन्होंने कभी मांगा नहीं, लेकिन मुझे उनके लिए कुछ करने का मन करता था।
 

हादसे में फट गई दिमाग की नसें 

मुमैत ने खुलासा किया कि एक समय वह अपनी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही थीं। साल 2016 में एक हादसे के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट आई थी, जिससे उनके दिमाग की नसें फट गई थीं। वह करीब 15 दिनों तक कोमा में रहीं। डॉक्टरों ने उन्हें कम से कम 7 साल तक काम और शारीरिक मेहनत से दूर रहने की सलाह दी थी।
 
इस बीमारी और दवाओं के कारण मुमैत का वजन भी काफी बढ़ गया था, जिससे उन्हें इंडस्ट्री से दूर होना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने इंडस्ट्री छोड़ी नहीं थी, बल्कि अपनी सेहत के कारण उन्हें ब्रेक लेना पड़ा था। मुमैत ने कहा, खुदा ने मुझे मुमैत खान बनाया था और खुद ही उसने पूरी तरह रोक लगा दी। मैंने इसे स्वीकार कर लिया। मैंने उन सात सालों में खुद को पढ़ने के लिए इस्तेमाल किया।
 
एक्ट्रेस ने कहा, उन सात सालों में मेरे पास सोचने का बहुत समय था। मुझे पता चला कि मुझे सच में मेकअप और हेयर बहुत पसंद है। हर फिल्म, हर गाने में मैंने कभी एक ही लुक दोहराया नहीं। हर बार कुछ नया होता था। 
 

नई शुरुआत: WeLyke Academy 

मुमैत अब एक उद्यमी बन चुकी हैं। उन्होंने हैदराबाद में 'WeLyke Academy' नाम से एक मेकअप और हेयर ट्रेनिंग संस्थान शुरू किया है। उनका उद्देश्य दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में मुंबई के स्तर का मेकअप और स्टाइलिंग स्टैंडर्ड लाना है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी