शादी तो होगी लेकिन पता नहीं कब: अनुष्का शर्मा

फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा का कहना है कि किसी भी साधारण लड़की की तरह ही वह भी विवाह करना चाहेंगी, लेकिन उन्हें शादी के बंधन में बंधने की जल्दी नहीं है। 28 वर्षीय इस अभिनेत्री का फिल्मी सफर अभी सुनहरे दौर से गुजर रहा है। उनका कहना है कि फिलहाल वह शादी करने के बारे में नहीं सोच रही हैं।
 
अनुष्का ने कहा, ‘‘शादी तो होगी, लेकिन मैं नहीं जानती कि यह कब होगी। अभी तक मैंने इसके बारे में सोचा भी नहीं है। मैं अपने जीवन में सभी चीजों को बहुत ही सामान्य तरीके से करती हूं और शादी भी मेरे जीवन के एजेंडे में बिल्कुल शामिल है।’’ 

 
महिलाओं के लिए अद्‍भुत समय 
‘‘मैं मानती हूं कि चीजें अब बदल रही हैं। अभिनेत्रियां अब शादी करने और बच्चे होने के बाद भी उसी ऊर्जा से काम करती हैं। इस इंडस्ट्री में महिलाओं के लिए यह अद्‍भुत समय है। मैं भी एक साधारण व्यक्ति की तरह ही चीजों को जारी रखना चाहूंगी। मेरे लिए यह बहुत ही महत्वपूर्ण है। मुझे बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगता है जब लोग कहते हैं कि अभिनेत्रियों की शेल्फ लाइफ होती है।’’ 
 
शादी केवल एक बार करने में विश्वास 
‘‘मैं एक बेहद मामूली इंसान हूं। मैं अभी भी शादी केवल एक बार करने में विश्वास रखती हूं। लेकिन मैं समझती हूं कि देश में तलाक के मामले इसलिए बढ़ रहे क्योंकि महिलाएं आज के दौर में बदल रही हैं। उनकी सोच बदल रही हैं। महिलाएं अब आर्थिक रूप से स्वतंत्र हो रही हैं और बिना जीवन साथी के भी वे अपनी जिंदगी जी सकती हैं। उनको जो पसंद होता है बस उन्हीं के साथ वह जीवन में आगे बढ़ना चाहती हैं।( भाषा) 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें