संगीतकार रवीन्द्र जैन का निधन, बॉलीवुड शोकाकुल

शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2015 (23:19 IST)
मुंबई। वरिष्ठ संगीतकार-गायक रवीन्द्र जैन ने निधन पर पूरा बॉलीवुड समुदाय शोकाकुल है और उन्होंने इसे इंडस्ट्री के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया।
 
अधिकतर बॉलीवुड सितारों ने ट्विटर पर जैन के निधन पर शोक जताया। जैन ने ‘चितचोर’, ‘अंखियों के झरोखों से’, ‘नदिया के पार’ और ‘विवाह’ जैसी फिल्मों में संगीत दिया था।
 
जैन का कई अंगों के काम करना बंद करने की वजह से शुक्रवार को 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
 
लता मंगेशकर ने ट्वीट किया, 'मैं एक महान संगीतकार, कवि, गायक रविंद्र जैन के निधन से व्यथित हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।'
 
हेमामालिनी ने लिखा कि उनके प्यारे दादा रवीन्द्र जैन के निधन की हाल ही में खबर मिली, वह दु:खी हैं। हेमा रवीन्द्र जैन के साथ कई मंचीय प्रस्तुतियां दे चुकी हैं।
 
जैन के निधन पर अभिनेता-निर्माता संजय खान, राजश्री प्रोडक्शन के महाप्रबंधक पी. के. गुप्ता, अभिनेता ऋषि कपूर, गायक सोनू निगम, संगीतकार सलीम मर्चेंट और शेखर रिजवानी ने भी ट्वीट कर संवेदना जताई। (भाषा)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें