दिलीप कुमार के बंगले पर भू-माफिया की नजर, सायरा बानो ने मांगी पीएम से मदद

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो ने भू-माफिया से परेशान होकर पीएम मोदी से मदद मांगी है। सायरा बानो एक भू-माफिया समीर भोजवानी की रिहाई से परेशान हैं। सायरा बानो का कहना है कि समीर भोजवानी ने उनके बंगले के दो प्लॉट पर झूठा मालिकाना दावा किया है।
 
सायरा बानो ने दिलीप कुमार के ट्वीटर एकाउंट से ट्वीट कर लिखा, 'मैं सायरा बानो खान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अनुरोध करती हूं। सर, भू-माफिया समीर भोजवानी जेल से रिहा हो चुका है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आश्वासन के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। पद्म विभूषण से सम्मानित शख्स को धन-बल के दम पर धमकी दी जा रही है। आपसे मुंबई में मुलाकात का निवेदन है।
 
96 वर्षीय दिलीप कुमार का बंगला बांद्रा के पॉश इलाके पाली हिल इलाके में स्थित है। इसी साल सायरा बानू ने पुलिस से संपर्क किया था और समीर भोजवानी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद जनवरी में मुंबई पुलिस आर्थिक अपराध शाखा ने बिल्डर के खिलाफ मामला दर्ज किया था। 
 
पुलिस को संदेह था कि भोजवानी ने संपत्ति के फर्जी कागजात तैयार कराए थे। इसके बाद मामला दर्ज किया गया। ईओडब्ल्यू की टीम ने भोजवानी के बांद्रा स्थित आवास पर छापा मारा जहां से चाकू और छुरे सहित हथियार बरामद किए गए। भोजवानी को आर्थिक अपराध शाखा ने इस साल अप्रैल में गिरफ्तार किया था।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी