ड्रग्स केस : आर्यन खान की आज की रात भी जेल में कटेगी, टाइम पर जेल नहीं पहुंची बेल ऑर्डर की कॉपी

शुक्रवार, 29 अक्टूबर 2021 (18:00 IST)
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की आज की रात भी जेल में ही कटेगी। आर्यन खान के बेल ऑर्डर की कॉफी समय पर आर्थर रोड जेल नहीं पहुंची। अब आर्यन को शनिवार को जेल से रिहा किया जाएगा।

 
आर्थर रोड जेल के अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि आर्यन की रिहाई आज नहीं होगी। आर्यन के वकील सतीश मानशिंदे खुद उनके बेल ऑर्डर की कॉपी लेकर सेशन कोर्ट से जेल के लिए निकले थे। लेकिन वह शाम 5:30 बजे तक जेल नहीं पहुंच पाए। 
 
शनिवार सुबह 11 बजे के बाद आर्यन की रिहाई संभव है। शाहरुख खान की दोस्त और एक्ट्रेस जूही चावला आर्यन की जमानती बनी हैं। जूही चावला ने सेशन कोर्ट पहुंचकर जमानत के कागजात पर दस्तखत किए।
 
बता दें कि आर्यन खान को 2 अक्टूबर को एनसीबी की टीम ने हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद एनसीबी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। आर्यन पर आरोप है कि वह मुंबई से गोवा जा रही क्रूज में होने वाली ड्रग्स पार्टी का हिस्सा बनने वाले थे। आर्यन के पास से कोई ड्रग्स बरामद नहीं हुआ था।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी