सुशांत सिंह राजपूत की खबर सुन महेंद्र सिंह धोनी कुछ बोल ही नहीं पाए

मंगलवार, 16 जून 2020 (13:28 IST)
सुशांत सिंह राजपूत के निधन की खबर सुन कर सभी सन्नाटे में आ गए। किसी ने भी नहीं सोचा था कि स्क्रीन पर अपने अभिनय से लोगों का दिल जीतने वाले शख्स के दिल में इतनी मायूसी है कि वह जिंदगी खत्म करने की सोच रहा है। 
 
सुशांत के करियर की सबसे चमकीली फिल्मों में से एक है 'एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी'। नीरज पांडे द्वारा निर्देशित इस फिल्म में सुशांत ने भारतीय क्रिकेट के सर्वाधिक लोकप्रिय क्रिकेटरों में से एक महेंद्र सिंह धोनी की भूमिका परदे पर साकार किया था। 
 
धोनी की भूमिका सुशांत ने इतने उम्दा तरीके से परदे पर जिया था कि फिल्म देखते समय महसूस होता है कि हम सुशांत को नहीं बल्कि धोनी को ही देख रहे हैं। 
 
जैसे ही सुशांत सिंह राजपूत द्वारा फांसी लगाए जाने की खबर 'धोनी' फिल्म के निर्देशक नीरज पांडे तक पहुंची, उन्होंने फौरन धोनी को फोन लगाया। 
 
धोनी यह खबर सुन कर बुरी तरह टूट गए और कुछ बोल ही नहीं पाए। वे यकीन नहीं कर पाए कि सुशांत ने ऐसा कदम उठाया। 
 
गौरतलब है फिल्म की शूटिंग शुरू होने के पहले धोनी के साथ सुशांत ने महीनों गुजारे थे ताकि उनकी बॉडी लैंग्वेज को जान सके। 
 
धोनी के हेलिकॉप्टर शॉट की भी उन्होंने खूब प्रैक्टिस की। 100 से ज्यादा बार धोनी के इस शॉट का वीडियो देखा। सुशांत का कहना था कि वे सपने में भी हेलीकॉप्टर शॉट लगा सकते हैं। 
 
निर्देशक नीरज पांडे का कहना है कि वे अभी इस हालत में नहीं है कि इस बारे में कुछ बोल सके। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी