ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा सहित 5 लोगों को मिला मूवमेंट पास, जाएंगे मुंबई

गुरुवार, 30 अप्रैल 2020 (16:10 IST)
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। ऋषि कपूर के परिजन वैसे तो मुंबई में ही हैं लेकिन उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी दिल्ली में हैं। ऐसे में रिद्धिमा ने मुंबई जाने की अनुमति मांगी थी, जो उनको मिल गई है।

 
लेकिन रिद्धिमा शायद ही अपने पापा ऋषि कपूर अंतिम संस्कार में शामिल हो पाएंगी, क्योंकि उनका दिल्ली से आज सड़क मार्ग के जरिए मुंबई जाने का कार्यक्रम रद हो गया है। ऐसे में वह शुक्रवार सुबह ही परिवार के साथ मुंबई के लिए रवाना हो पाएंगीं। हालांकि, इसको लेकर कोई सटीक जानकारी नहीं मिल पाई है कि वह शुक्रवार सुबह रवाना होंगी या किसी और समय। 

ALSO READ: ऋषि कपूर की 10 फिल्में जो देखी जा सकती हैं बार-बार
 
बता दें कि रिद्धिमा की गुजारिश पर दिल्ली पुलिस ने इस बाबत राहत देते हुए उनके परिवार के पांच लोगों के लिए पास जारी किए हैं। जिससे वे मुंबई जा सकें। मूवमेंट पास मिलने के बाद परिवार अभी तय नहीं कर पाया है कि बेटी रिद्धिमा परिवार के चार सदस्यों के साथ मुंबई जाने के लिए कब रवाना होंगी। 
 
रिद्धिमा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर अपने पापा को एक मजबूत सिपाही बताया है। रिद्धिमा ने अपने पापा को मिस करते हुए लिखा, 'पापा, आई लव यू। मैं हमेशा आपसे प्यार करती रहूंगी- ईश्वर मेरे मजबूत योद्धा की आत्मा को शांति प्रदान करे। मैं हर दिन आपको मिस करूंगी, मैं आपके वीडियो कॉल हमेशा मिस करूंगी! जब तक हम फिर नहीं मिलते पापा आई लव यू।'
 
ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा अपने परिवार के साथ साउथ-ईस्ट दिल्ली के फ्रेंड्स कॉलोनी ईस्ट में रहती हैं। रिद्धिमा ज्वैलरी डिजाइनर हैं और 2006 में भरत साहनी से शादी के बाद दिल्ली शिफ्ट हो गई थीं। 
 
खबरों के मुताबिक लॉकडाउन की वजह से ऋषि कपूर के पार्थिव शरीर को घर नहीं लाया जाएगा। घर पर अंतिम दर्शन का कोई कार्यक्रम नहीं होगा। अस्पताल के नजदीक मरीन ड्राइव इलाके के रेलवे स्टेशन के सामने चंदनवाड़ी हिन्दू श्मशान भूमि में ऋषि कपूर का अंतिम संस्कार होगा।
 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी