आर.के.बैनर को फिर शुरू करेंगे रणबीर कपूर

रणबीर कपूर अपने दादा राज कपूर के प्रतिष्ठित बैनर आर.के. फिल्म्स को फिर से शुरू करना चाहते हैं। रणबीर कपूर ने कहा 'मैं दर्शकों से माफी चाहता हूँ कि हमारे बैनर ने काफी समय से कोई फिल्म नहीं बनाई है, लेकिन अगले साल से हम निर्माण में वापस लौट रहे हैं। किसी क्लासिक की रीमेक हम नहीं बनाएंगे। कहां से लाएंगे हम राज कपूर, नरगिस और शंकरश-जयकिशन। इन क्लासिक्स को टीवी पर आज भी पसंद किया जा रहा है इन्हें ऐसे ही देखिए।'  
रणबीर कपूर ने कहा 'हम राज कपूर पर कोई जीवनी नहीं बनाने जा रहे हैं। हां, उनकी क्लासिक फिल्मों को सहेजने का काम जारी है। हालांकि कुछ समय पहले रणबीर कपूर ने कहा था कि यदि राज साहब पर कोई फिल्म बनती है तो मैं उनका किरदार जरूर निभाना चाहूंगा, लेकिन ये फिल्म महज तीन घंटे में पूरी नहीं हो सकती।' चर्चा थी कि रणबीर कपूर 'आवारा' के रिमेक में काम कर सकते हैं। 
 
उल्लेखनीय है कि राजकपूर ने महज 24 वर्ष की उम्र में वर्ष 1948 में आर.के. फिल्म्स की स्थापना की थी। इस बैनर के तले राजकपूर ने आवारा, श्री 420, संगम, जागते रहो, राम तेरी गंगा मैली, बॉबी, सत्यम शिवम सुंदरम जैसी कई फिल्मों का निर्माण और निर्देशन किया था। वर्ष 1988 में राजकपूर की मौत के बाद आर.के. बैनर की जिम्मेदारी रणधीर कपूर ने अपने कंधों पर उठाई।  
 
वर्ष 1991 में रिलीज रणधीर कपूर ने 'हिना' का निर्देशन किया था। रणधीर ने इसके पूर्व 'कल आज और कल' और 'धरम करम' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया था। वर्ष 1999 में रिलीज फिल्म 'आ अब लौट चले' आर.के. बैनर तले बनी अंतिम फिल्म थी। ऋषि कपूर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में ऐश्वर्या राय, राजेश खन्ना और अक्षय खन्ना ने मुख्य भूमिका निभाई थी।(वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें