बच्चे की खातिर फिर साथ आए चारु असोपा और राजीव सेन, पोस्ट शेयर कर फैंस को दी खुशखबरी

गुरुवार, 1 सितम्बर 2022 (15:57 IST)
सुष्‍मिता सेन के भाई राजीव सेन और उनकी पत्नी चारु असोपा के बीच अक्सर अनबन की खबरें सामने आती रहती है। बीते दिनों दोनों ने एक-दूसरे पर कई गंभीर आरोप तक लगाए थे। नौबत यहां तक आ गई थी कि दोनों तलाक तक लेने जा रहे थे। 

 
राजीव सेन और चारु असोपा काफी समय से एक-दूसरे से अलग रह रहे थे। लेकिन हाल ही में गणेश चतुर्थी के मौके पर चारु ने फैमिली फोटोज शेयर कर फैंस को चौंका दिया था। क्योंकि इन तस्वीरों में राजीव सेन भी नजर आ रहे थे। वहीं इसके बाद से ही फैंस सवाल पूछ रहे थे कि क्या दोनों के बीच फिर से पैचअप हो गया है?
 
वहीं अब चारु असोपा ने एक पोस्ट शेयर करके खुशखबरी दी है कि वह अपने बच्चे की खातिर फिर से एक साथ हो गए हैं। चारु ने अपने पति राजीव और बेटी जियाना के साथ एक तस्वीर शेयर की है। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, विवाह स्वर्ग में बनते हैं लेकिन इसे निभाने के लिए हमें छोड़ दिया जाता है। 
 
उन्होंने लिखा, हम आगे बढ़े और घोषणा की कि हम अपनी शादी को समाप्त कर रहे हैं और हमें एहसास हुआ कि हम अंत तक पहुँच चुके हैं और इससे आगे कुछ भी नहीं है। तलाक एक विकल्प था जिस पर हम विचार कर रहे थे और हम इससे इनकार नहीं करेंगे.. यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हमने अपनी शादी को बनाए रखने का फैसला किया है।
 
चारु ने लिखा, हम दोनों को एक खूबसूरत बेटी जियाना का आशीर्वाद मिला है और हम उसे माता-पिता के रूप में सबसे अच्छा देना चाहते हैं। उनकी परवरिश और खुशी हमारी पहली प्राथमिकता है.. हम अपने सभी प्रशंसकों को हमेशा एक जोड़े के रूप में हमारा समर्थन करने और हमें कभी हार न मानने के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं.. जियाना को इतना प्यार देने के लिए आप सभी का धन्यवाद। 
 
बता दें कि चारु असोपा और राजीव सेन से साल 2019 में शादी की थी। 2020 में उनके बीच रिश्ता काफी तनाव भरा रहा था, लेकिन बाद में उन्होंने इसे संभाल लिया था। 2021 में दोनों ने एक बच्ची का स्वागत किया, जिसका नाम जियाना रखा है। इस साल की शुरुआत से ही दोनों के बीच फिर अनबन की खबरें सामने आने लगी थीं। इसके बाद जून 2022 में खुद चारु ने इसकी पुष्टि की थी कि वह राजीव से आधिकारिक रूप से तलाक लेने वाली हैं। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी