रामायण : जब रामानंद सागर ने जामवंत को जड़ दिया था थप्पड़, ये थी वजह

रविवार, 26 अप्रैल 2020 (17:50 IST)
Photo Credit- Twitter
लॉकडाउन में लोगों का मनोरंजन करने के लिए टेलीविजन पर रामायण और महाभारत का दोबारा टेलीकास्ट किया जा रहा है। इन शोज की शूटिंग के दिनों से जुड़े दिलचस्प किस्से भी सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक किस्सा है रामायण में जामवंत का किरदार निभाने वाले एक्टर राजशेखर उपाध्याय और निर्माता रामानंद सागर का।

 
दरअसल, रामायण के मेकर रामानंद सागर ने जामवंत का किरदार निभाने वाले अभिनेता राजशेखर उपाध्याय को थप्पड़ जड़ दिया था। राजशेखर और रामानंद सागर की पुरानी दोस्ती थी। दोनों एक दूसरे को रामायण बनाने के भी बहुत पहले से जानते थे।

ALSO READ: रामायण से पहले भी साथ काम कर चुके हैं लक्ष्मण और सीता, सुनील लहरी ने शेयर की तस्वीर
 
राजशेखर को ताश खेलने का काफी शौक था और एक रोज जब रामानंद सागर अचानक राजशेखर के कमरे में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि वो ताश खेल रहे हैं। राजशेखर ने एक इंटरव्यू में खुद ये बात बताई कि सागर साहब ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था। रामानंद सागर ने कहा कि आप इतने अच्छे इंसान हैं और आप यहां ये ताश खेल रहे हैं।
 
राजशेखर ने बताया कि उन्होंने उसी पल ताश के पत्ते फाड़ कर फेंक दिए थे और उसके बाद कभी भी ताश नहीं खेला। राजशेखर ने ये भी बताया कि जब नाराजगी मिटी तो रामानंद सागर ने पूछा कि कोई कहानी बताइए जिस पर काम किया जा सके। राजशेखर ने रामानंद सागर के यहां रखी रामायण की तरफ इशारा करके कहा कि इससे अच्छी कहानी क्या हो सकती है। इसमें एक्शन, थ्रिलर, सस्पेंस, ड्रामा, रोमांस सब कुछ तो है।
 
गौरतलब है कि जामवंत के किरदार के लिए राजशेखर को हर वक्त भालू का मास्क पहने रहना होता था। उनका चेहरा बालों, आर्टिफिशियल लंबी नाक और मुकुट से तकरीबन पूरा छिपा रहता था। बाकी शरीर पर नकली बाल होते थे। राजशेखर ऐसा किरदार कर रहे होते थे जिसके लिए उन्हें कोई नहीं पहचानता। जामवंत के किरदार के अलावा राजशेखर ने इस शो में और भी कई छोटे बड़े रोल किए थे।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी