एंग्री यंग वुमैन सोनाक्षी सिन्हा

सोनाक्षी सिन्हा को दर्शक अगले वर्ष एंग्री यंग वुमैन के अवतार में देखेंगे। गजनी और हॉलिडे जैसी फिल्म बनाने वाले निर्देशक एआर मुरुगदास अब सोनाक्षी को लेकर एक नायिका प्रधान फिल्म शुरू करने जा रहे हैं जिसमें सोनाक्षी खतरनाक स्टंट्स भी करती नजर आएंगी। 
 
इन स्टंट्स को कितना महत्व दिया जा रहा है यह बात इसी से पता चलती है कि सोनाक्षी को प्रशिक्षण देने लॉस एंजिल्स से विशेषज्ञ मुंबई आ रहे हैं। वे जनवरी में सोनाक्षी के साथ प्रैक्टिस शुरू करेंगे। एक महीने बाद सोनाक्षी फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगी। 
सोनाक्षी ‍की तमिल फिल्म 'लिंगा' भले ही आय के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही‍ हो, लेकिन उनकी पिछली हिंदी फिल्म 'एक्शन जैक्सन' बुरी तरह असफल रही है। इसमें सोनाक्षी ने महत्वहीन रोल निभाया था, जिसको लेकर उन्हें काफी आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा। 
 
सोनाक्षी का मानना है कि अब वे करियर के उस मकाम पर हैं ‍जहां ऐसी फिल्में भी कर सकती हं जिनमें उनकी प्रतिभा भी नजर आए। मुरुगदास की फिल्म पूरी तरह से सोनाक्षी के इर्दगिर्द घूमती है और इसकी सफलता का सारा श्रेय सोनाक्षी को मिलेगा। वे इस फिल्म को लेकर खासी उत्साहित भी हैं। फिलहाल फिल्म का नाम तय नहीं हुआ है। 
 
सूत्रों का कहना है कि सोनाक्षी फिल्म में एक कॉलेज गोइंग गर्ल की भूमिका में है जो अनचाहे तरीके से अपराधियों के जाल में फंस जाती हैं। वे विपरीत हालातों का डट कर मुकाबला करती हैं और इस मकड़जाल से बाहर निकलती हैं। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें