कोरोना मरीजों की मदद के लिए आगे आए सुनील शेट्टी, मुफ्त में दे रहे ऑक्सीजन कंसंट्रेटर

गुरुवार, 29 अप्रैल 2021 (11:09 IST)
देश में कोरोनावायरस की दूसरी लहर से हाहाकार मचा हुआ है। हर दिन लाखों लोग इस महामारी की चपेट में आ रहे हैं। इन सबके बीच कई बॉलीवुड सेलेब्स कोरोनावायरस की मार झेल रहे मरीजों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। मदद करने वालो की लिस्ट में अब अभिनेता सुनील शेट्टी का नाम भी शामिल हो गया है।

 
सुनील शेट्टी कोरोनावायरस से पीड़ित मरीजों को मुफ्त में ऑक्‍सीजन कंसंट्रेटर मुहैया करवाने की मुहिम में जुड़ गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर परेशान लोगों की मदद करने का ऐलान किया है। इतना ही नहीं सुनील शेट्टी ने अपने फैंस और अन्य लोगों से भी कोरोना से पीड़ित लोगों की मदद करने की अपील की है। 
 
सुनील शेट्टी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, हम कठिन समय से गुजर रहे हैं लेकिन हमारे लोगों ने एक-दूसरे की मदद को हाथ आगे बढ़ाया है जो कि उम्‍मीद की किरण है। उन्होंने अपने ट्वीट के जरिए बताया कि वह केवीएन फाउंडेशन से जुड़े हैं और लोगों को मुफ्त में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मुहैया करवा रहे हैं।
 
अपने अलगे ट्वीट में सुनील शेट्टी ने फैंस से भी लोगों की मदद करने की अपील की है। सुनील शेट्टी ने लिखा, सभी दोस्‍तों और फैंस से अपील है कि अगर मदद की जरूरत है। अगर आप जानते हैं कि किसी को मदद चाहिए या अगर आप इस मिशन से जुड़ना चाहते हैं तो सीधे मैसेज करें। कृप्या इसे ज्‍यादा से ज्‍यादा लोगों तक पहुंचाएं और लोगों की सहायता करने में हमारी मदद करें।
 
सुनील शेट्टी के अलावा बॉलीवुड के अन्य कलाकार भी कोरोना से पीड़ित मरीजों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। अजय देवगन ने भी कोरोनावायरस के मरीजों के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है और मुंबई के मैरिज हॉल को कोविड अस्पताल में तबदील किया है। इसके अलावा अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना ने भी 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स डोनेट किए हैं।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी