विजय दिवस के खास मौके पर सनी देओल की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'बॉर्डर 2' का धमाकेदार टीजर रिलीज हो गया है। मुंबई में आयोजित हुए एक इवेंट में फिल्म की स्टार कास्ट सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी की मौजूदगी में 'बॉर्डर 2' का टीजर लॉन्च किया गया।
सनी देओल दुश्मनों को चेतावनी देते हुए कहते हैं, 'तुम जहां से भी घुसने की कोशिश करोगे, आसमान से, जमीन से, समंदर से सामने एक हिंदुस्तानी फौजी खड़ा पाओगे। जो आंखों में आंखें डालकर सीना ठोक कर कहेगा, हिम्मत है तो आ... ये खड़ा है हिन्दुस्तान।'
टीजर के अगले सीन में सनी देओल युद्ध के मैदान में अपने साथी फौजियों से पूछते हैं, 'आवाज कहां तक जानी चाहिए?' इसके जवाब में सभी कहते हैं, 'लाहौर तक'। टीजर में भारत-पाकिस्तान युद्ध के कुछ सीन हैं, जिसमें हमारे देश के सैनिक अपनी बहादुरी दिखाते नजर आ रहे हैं।
फिल्म के टीजर में पूरी स्टारकास्ट की झलक भी दिखाई गई है। फिल्म बॉर्डर 2 में सनी देओल के अलावा वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम रोल में नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म में मोना सिंह, सोनम बाजवा, परमवीर चीमा जैसा अन्य कलाकार भी हैं।