शाहरुख के संवादों के जरिये लड़कियों को रिझाते थे सुशांत

सुशांत सिंह राजपूत का कहना है कि स्कूल के दिनों में लड़कियों को रिझाने के उत्साह में कई बार उन्होंने शाहरूख खान की फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ के संवादों की नकल की थी। सुशांत का कहना है कि डीडीएलजे के प्रसिद्ध संवाद ‘पलट’ को सही तरीके से करने के लिए उन्हें तीन प्रयास करने पड़े। सुशांत ‘पवित्र रिश्ता’ में उनकी सहायक कलाकार रही अंकिता लोखंडे के साथ प्रेम संबंध में हैं।
सुशांत ने ट्वीट किया, ‘‘मैं डीडीएलजे को बार-बार देखता था और मेरी हंसी रूकती ही नहीं थी। मैं शाहरूख के संवाद को सही तरीके से कहने का प्रयास करता था ताकि स्कूल में लड़कियों को रिझा सकूं। अगर वो मुझसे प्यार करती है, तो पलटेगी.. पलट-पलट-पलट, इस संवाद को सही तरीके से कहने के लिए मुझे तीन से भी ज्यादा बार प्रयास करना पड़ा।’’ 
 
सुशांत ने शाहरूख-काजोल की इस फिल्म के कुछ और संवादों को साझा किया। सुशांत इन दिनों क्रिकेट खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर बनने वाली फिल्म में व्यस्त हैं।(भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें