करण जौहर की महंगी फिल्म तख्त होगी बंद, फॉक्स स्टार इंडिया ने खींचे हाथ!

गुरुवार, 26 मार्च 2020 (14:32 IST)
करण जौहर इस समय कुछ बड़े बजट की फिल्में बना रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म, जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और अमिताभ बच्चन जैसे सितारे हैं, ब्रह्मास्त्र भारत की सबसे महंगी फिल्म है और लंबे समय से बन रही है। इसे अयान मुखर्जी निर्देशित कर रहे हैं। 
 
इसके अलावा करण तख्त नामक फिल्म भी बना रहे हैं जिसमें रणवीर सिंह, आलिया भट्ट सहित कई सितारे हैं। इस फिल्म का निर्देशन खुद करण कर रहे हैं। यह एक बड़े बजट का कॉस्ट्यूम ड्रामा है। 
 
इस फिल्म के बारे में जो खबरें आ रही हैं वो ठीक नहीं कही जा सकती। सूत्रों के अनुसार इस फिल्म से फॉक्स स्टार इंडिया ने अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन और फॉक्स स्टार इंडिया में लंबे समय से कोलोब्रेशन चला आ रहा है। 
 
फॉक्स स्टार इंडिया द्वारा पेश की गई इस वर्ष की फिल्में छपाक और पंगा का बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस अच्‍छा नहीं रहा है। लिहाजा फॉक्स स्टार इंडिया अब अपने निर्णयों पर फिर से विचार कर रहा है। कोरोना वायरस ने भी जिस तरह से आर्थिक नुकसान पहुंचाया है उसकी वजह से भी महंगी फिल्मों का भविष्य अधर में लटक गया है। 
 
दूसरी और करण से जुड़े लोगों का कहना है कि तख्त बंद नहीं हुई है क्योंकि इस फिल्म को लेकर करण और फॉक्स स्टार इंडिया में किसी तरह की कोई पार्टनरशिप नहीं हुई है। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी