हैदराबाद में मुनव्वर फारुकी के शो का बायकॉट, भाजपा अध्यक्ष बोले- हिंदू देवी-देवताओं का उड़ाते हैं मजाक

शनिवार, 20 अगस्त 2022 (17:38 IST)
कंगना रनौट के रियलिटी शो 'लॉकअप' से लोकप्रियता हासिल करने वाले स्टैंडअप कॉमेडियन मुव्वर फारूकी अक्सर विवादों में घिरते रहते हैं। मुनव्वर इन दिनों हैदराबाद में होने जा रहे अपने शो को लेकर चर्चा में हैं। एक तरफ फैंस उनके शो का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं तेलंगाना के भाजपा अध्यक्ष बंदी संजय कुमार ने इसका बहिष्कार करने की घोषणा की है। 

 
सोशल मीडिया पर बंदी संजय कुमार का ट्वीट जमकर वायरल हो रहा है। उन्होंने लिखा है, तेलंगाना में जोकरों के झुंड द्वारा चलाए जा रहे टीआरएस सरकार का कॉमेडी सर्कस पर्याप्त नहीं है, जो वह अब मुनव्वर फारूकी को ला रहे हैं। मुनव्वर, कॉमेडी के नाम पर देवी सीता मां और भगवान राम का मजाक उड़ाते हैं। मैं तो कहता हूं कि उन सभी शो का बहिष्कार करो जिसमें हिंदू देवी-देवताओं का मजाक उड़ाया जाता है।
 
पिछले दिनों तेलंगाना में बीजेपी के विधायक टी राजा सिंह ने मुनव्वर फारुकी पर हमला करने की धमकी दी थी और कहा था कि अगर राज्य सरकार ने मुनव्वर को हैदराबाद में शो करने की इजाजत दी तो वे उस मंच पर आग लगा देंगे। इसके बाद पुलिस ने टी राजा को हिरासत में ले लिया है। 
 
इस विरोध को देखते हुए हैदराबाद में मुनव्वर फारुकी का शो रद्द करने की नौबत आ गई है। इससे पहले जय श्री राम सेना संगठन नामक एक हिंदुत्व संगठन द्वारा दायर एक शिकायत के बाद बेंगलुरु पुलिस ने शुक्रवार को शहर में होने वाले मुनव्वर के शो को रद्द कर दिया था। संगठन ने मुनव्वर पर आरोप लगाया गया था कि उनका शो 'डोंगरी टू नोवेयर' हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करेगा।
 
बता दें कि कई राज्यों में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर मुनव्वर के कई शो रद्द किए जा रहे हैं। जनवरी 2021 में, मुनव्वर को हिन्दू देवी-देवताओं के अपमान के आरोप में इंदौर में गिरफ्तार किया गया था।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी