यह होगा विक्की कौशल और मानुषी छिल्लर की फिल्म का नाम!

सोमवार, 1 मार्च 2021 (13:14 IST)
बॉलीवुड एक्टर विक्की कौशल और मानुषी छिल्लर अपनी आगामी फिल्म को लेकर काफी समय से चर्चा में बने हुए हैं। खबरों की मानें तो अब उनकी आगामी फिल्म को टाइटल मिल गया है। इस फिल्म का नाम 'द ग्रेट इंडियन फैमिली' हो सकता है।

 
यह फिल्म 'यशराज फिल्म्स' के बैनर तले बने रही है और इसमें विक्की के साथ मानुषी मुख्य भूमिका में नजर आने वाली हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, विक्की और मानुषी की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है। फिल्म को अभी एक अस्थायी शीर्षक दिया जा सकता है।

 
बताया जा रहा है कि फिल्म निर्माण से जुड़े लोग अब विक्की और मानुषी की इस फिल्म को 'द ग्रेट इंडियन फैमिली' नाम से पुकार रहे हैं। यह एक पारिवारिक कॉमेडी फिल्म है और यह अभिनेता विक्की की भी पहली कॉमेडी फिल्म होगी।
 
यशराज फिल्म्स इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि यह फिल्म इस साल रिलीज नहीं होगी। खबरों के अनुसार यशराज की फिल्म 'पृथ्वीराज' इस साल दीवाली के मौके पर रिलीज होने जा रही है। निर्माताओं को यह पता है कि यह फिल्म मानुषी की डेब्यू फिल्म होगी, जिसमें उन्हें अच्छी तरह से पेश किया जाएगा। इस लिहाज से 'द ग्रेट इंडियन फैमिली' को 2022 की शुरुआत में रिलीज किया जा सकता है।
 
बता दें कि मानुषी, इतिहास पर आधारित फिल्म 'पृथ्वीराज' से बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने जा रही हैं। इसमें वह पृथ्वीराज चौहान की भूमिका निभा रहे अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगी। उनकी यह फिल्म इसी साल दिवाली के मौके पर रिलीज होगी। 
 
वहीं विक्की कौशल के पास इस समय कई बेहतरीन प्रोजेक्ट्स हैं। विक्की को आगामी फिल्म 'अश्वत्थामा' में देखा जाएगा। इसके अलावा उन्हें सरदार उधम सिंह की बायोपिक में भी देखा जाएगा। इस फिल्म का निर्देशन शूजीत सरकार कर रहे हैं। इसके बाद वह मेघना गुलजार की फिल्म 'सैम' में दिखेंगे।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी