धर्मेन्द्र और रितिक रोशन का अनोखा रिश्ता: बचपन के पोस्टर से लेकर सर्जरी के बाद पहले फोन तक

WD Entertainment Desk

मंगलवार, 25 नवंबर 2025 (12:15 IST)
रितिक रोशन का धर्मेन्द्र के साथ एक ऐसा भावनात्मक रिश्ता था, जिसकी चर्चा कम ही हुई, लेकिन गहराई बहुत थी। रितिक रोशन बचपन से ही धर्मेन्द्र के जबरदस्त फैन रहे हैं। उनके कमरे में एक बहुत बड़ा पोस्टर लगा करता था, जिसे देखकर वे बड़े होने के सपने देखा करते थे। धर्मेन्द्र की हीरो वाली पर्सनैलिटी, उनकी सादगी और उनका दिल छू लेने वाला अंदाज़ रितिक के भीतर तक बस गया था। कई इंटरव्यू में रितिक ने कबूल किया था कि वह धर्मेन्द्र को देखकर ही हीरो बनने का ख्वाब संजोते थे।
 
रितिक की जिंदगी में वह पल हमेशा के लिए दर्ज हो गया, जब कुछ साल पहले उनकी ब्रेन सर्जरी हुई थी। वह समय रितिक और उनके परिवार के लिए बेहद कठिन था। सर्जरी सफल होने के बाद जब रितिक ने होश संभाला, तो उनके लिए सबसे भावुक क्षण वह था जब सबसे पहला फोन उन्हें धर्मेन्द्र का आया। धर्मेन्द्र ने सिर्फ हालचाल नहीं पूछा, बल्कि रितिक को इस तरह संभाला, जैसे कोई अपना बच्चा हो। उनकी आवाज़ में जो प्यार और चिंता थी, वह रितिक कभी नहीं भूल पाए।
 
यह रिश्ता सिर्फ फैन और स्टार का नहीं था, बल्कि दो दिलों का जुड़ाव था, एक स्नेह और सम्मान से बना हुआ रिश्ता, जो धर्मेन्द्र के जाने के साथ एक अधूरी कहानी बन गया है। रितिक रोशन के लिए यह नुकसान सिर्फ एक लेजेंड का जाना नहीं, बल्कि एक ऐसे इंसान का बिछड़ना है, जिसने उनके जीवन की कई मुश्किल घड़ियों में दिल से साथ दिया।
 
आज धर्मेन्द्र भले ही इस दुनिया में न हों, लेकिन रितिक और करोड़ों प्रशंसकों के दिल में उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। उनकी मुस्कान, उनकी सादगी, उनका प्यार और उनका मानवीय स्पर्श हमेशा यादों में जिंदा रहेगा।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी