ममता ने दीं 70 ट्रेनों की सौगात

शुक्रवार, 25 फ़रवरी 2011 (15:34 IST)
रेल मंत्री ममता बनर्जी ने पिछले साल शुरू गई दूरंतो गाड़ियों का विस्तार करते हुए शुक्रवार को पेश रेल बजट में नौ नई दूरंतो, तीन शताब्दी, दो डबल डेकर एसी और 56 नई एक्सप्रेस ट्रेनों का ऐलान किया।

लोकसभा में रेल बजट पेश करते हुए ममता ने कहा कि इलाहाबाद से मुंबई के बीच सप्ताह में दो बार वातानुकूलित दूरंतो चलाई जाएगी। पुणे से अहमदाबाद, सिकंदराबाद से विशाखापटटनम, मदुरै से चेन्नई, चेन्नई से तिरुवनंतपुरम, मुंबई से नई दिल्ली और शालीमार से पटना के बीच भी वातानुकूलित दूरंतो गाड़ियाँ चलाने का उन्होंने प्रस्ताव किया।

रेल मंत्री ने सियालदह से पुरी और निजामुददीन से अजमेर के बीच गैर वातानुकूलित दूरंतो ट्रेनें चलाने की भी घोषणा की। दूरंतो ट्रेनें गंतव्य तक ‘नॉन स्टाप’ चलती हैं।

उन्होंने जयपुर से दिल्ली और अहमदाबाद से मुंबई के बीच एसी डबल डेकर ट्रेनें शुरू करने का भी प्रस्ताव किया जबकि पुणे-सिकंदराबाद, जयपुर-आगरा और लुधियाना-दिल्ली तीन ई शताब्दी ट्रेनें चलाने का ऐलान किया।

ममता ने कुछ दूरंतो गाड़ियों के फेरों में वृद्धि का जिक्र करते हुए बताया कि मुंबई से हावड़ा के बीच दूरंतो गाड़ी दो की बजाय सप्ताह में चार दिन चलेगी। मुंबई से अहमदाबाद के बीच दूरंतो तीन दिन की बजाय अब सप्ताह में हर दिन चलेगी। सियालदह से नई दिल्ली के बीच दूरंतो गाड़ी अब दो दिन की बजाय पाँच दिन चलेगी।

नागपुर से मुंबई के बीच दूरंतो गाड़ी तीन दिन की बजाय सप्ताह में हर दिन चलेगी। हावड़ा से यशवंतपुर के बीच दूरंतो ट्रेन चार दिन की बजाय अब सप्ताह में पाँच दिन चलेगी। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें