चंद्रयान-3 की सफलता पर इसरायल, NASA और पुतिन ने भारत को दी बधाई

बुधवार, 23 अगस्त 2023 (23:04 IST)
Chandrayaan-3's successful landing : चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग कर भारत की ऐतिहासिक कामयाबी पर अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा, इसरायल और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बधाई दी है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के प्रमुख बिल नेल्सन ने भारत को बधाई देते हुए बुधवार को कहा कि चंद्रयान-3 ने चांद की सतह पर सफल लैंडिंग करके इतिहास रच दिया है।
 
बिल नेल्सन ने चंद्रयान-3 के चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को बधाई देते हुए कहा, चंद्रयान-3 चंद्र की दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग पर बधाई हो इसरो! चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान की सफलतापूर्वक सॉफ्ट-लैंडिंग करने वाला चौथा देश बनने पर भारत को बधाई। नेल्सन ने कहा, हमें इस मिशन में आपका भागीदार बनकर खुशी हो रही है।
 
इस बीच ब्रिटेन की स्पेस एजेंसी ने इसरो को बधाई देते हुए कहा कि इतिहास बन गया, इसरो को बधाई। उसने सोशल मीडिया ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर इसरो को बधाई देते हुए कहा, आपने तो इतिहास रच दिया। इंजीनियरिंग और दृढ़ता की इस अद्भुत उपलब्धि पर भारत को बधाई।
 
चंद्रयान-3 की चांद की सतह पर सफल लैंडिंग के बाद इसरायल ने भी बधाई दी है। इसरायल ने ट्वीट करते हुए कहा, चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक सफलता पर भारत को हार्दिक बधाई! अंतरिक्ष अन्वेषण के प्रति आपका समर्पण वास्तव में प्रेरणादायक है, और यह उपलब्धि विज्ञान और नवाचार के लिए एक और बड़ी छलांग है।
 
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उपराष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम विश्व के उन नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने बुधवार को चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतरने पर भारत को बधाई दी।
 
उन्होंने इस ऐतिहासिक क्षण को वैज्ञानिक-प्रौद्योगिकीय क्षेत्र में भारत की प्रभावशाली प्रगति का साक्ष्य बताया। पुतिन ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने पर बधाई दी।
 
पुतिन ने अपने संदेश में कहा, भारत के चंद्रयान-3 अंतरिक्षयान के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने पर मेरी हार्थिक बधाई। यह बाहरी अंतरिक्ष के अन्वेषण और बेशक विज्ञान एवं इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भारत की प्रभावशाली प्रगति का साक्ष्य है।
 
शेख मोहम्मद ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर अंतरिक्षयान उतारने वाला प्रथम देश बनने पर भारत को बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने के लिए भारत में हमारे मित्रों को बधाई। भारत ने इतिहास रचना जारी रखा है।
 
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल प्रचंड ने भी चंद्रयान की सफलता पर अपने भारतीय समकक्ष को बधाई दी। उन्होंने कहा, मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और भारत की इसरो टीम को चंद्रयान-3 के चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने के लिए बधाई देता हूं।
 
ब्रिटिश विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने इसे एक ‘ऐतिहासिक क्षण’ बताया। उन्होंने कहा, चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सबसे पहले पहुंचने के लिए भारत को बधाई।
 
मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने इतिहास रचने के लिए भारत को बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, भारत ने इतिहास रचा है! एक दक्षिण एशियाई राष्ट्र और पड़ोसी देश होने के नाते हम चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने से गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। इसने अन्वेषण के नए क्षेत्रों के नए रास्ते खोले हैं।
Edited By : Chetan Gour (एजेंसियां)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी