109 ब्लाकों में आयोजित होगी किसान कल्याण कार्यशाला : भाजपा

मंगलवार, 24 अप्रैल 2018 (14:12 IST)
कानपुर। उत्तर प्रदेश में किसानों की आय दोगुनी करने और किसानों को नवीन तकनीकों की जानकारी देने के लिए दो मई को किसान कल्याण कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
 
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री देवेश कोरी ने बताया कि कानपुर बुन्देलखण्ड के 109 ब्लाकों में इसका आयोजन होगा और सरकार की किसान हितैषी योजनाओं के विषय में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
 
भारतीय जनता पार्टी ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत दो मई को किसान कल्याण कार्यशाला कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है। जिसके तहत रविवार को कानपुर बुन्देलखण्ड में इस कार्यशाला को सफल बनाने के लिए क्षेत्रीय कार्यालय अंसल भवन में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक हुई।
 
भाजपा के प्रदेश मंत्री देवेश कोरी ने बताया कि बैठक में यह तय किया गया कि किसान कल्याण कार्यशालाएं कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी जिलों में ब्लॉक स्तर पर आयोजित की जाएंगी और मूलतः यह कार्यक्रम कृषि मंत्रालय के द्वारा होना है। जिसमें कि भारतीय जनता पार्टी जन सहभागिता बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक किसानों व लोगों को संपर्क करेगी।
 
उन्होंने कहा, कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र में 109 ब्लॉकों में यह कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। किसान कल्याण कार्यशालाओं में कई उद्देश्य हैं, पर सबसे बड़ा उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य है कि कैसे किसानों की आय दुगनी की जाए और इसी को लेकर जानकारियां दी जाएंगी।
 
17 जिलों से आये हुए किसान मोर्चा व किसान कल्याण कार्यशाला से संबंधित सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान दिनेश तिवारी, राहुल सिंह चंदेल, अखिलेश अवस्थी, राजेश बाजपेई, रिंकू, मोहित पाण्डेय आदि मौजूद रहें।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी