महाराष्‍ट्र में एक दिन में मिले 9855 नए मरीज, इन 10 राज्यों CoronaVirus अब भी मचा रहा है कोहराम

गुरुवार, 4 मार्च 2021 (13:33 IST)
नई दिल्ली। देश में कोरोना टीकाकरण अभियान तेजी से चल रहा है। अब तक 1,66,16,048 लोगों को कोरोना वैक्सीन लग चुका है। इसके बाद भी कोरोना के नए मरीजों की संख्‍या बढ़ती ही जा रही है। महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, तमिलनाडु, गुजरात और कर्नाटक से संक्रमण के 85.51% नए मामले सामने आ रहे हैं।

भारत में एक दिन में कोविड-19 के 17,407 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,11,56,923 हो गई। महाराष्ट्र अब भी सरकार के लिए चिंता का विषय बना हुआ है, यहां एक दिन में 9855 मामले सामने आए हैं।
 
महाराष्ट्र कोरोना के सक्रिय मामलों में शीर्ष पर है। यहां बुधवार को 9855 नए मामले सामने आए। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक 3254 सक्रिय मामले बढ़ने से इनकी संख्या 83,556 हो गई है। राज्य में 6559 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 20.43 लाख से अधिक हो गई है जबकि 42 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 52,280 हो गया है।
 
केरल में पिछले 24 घंटों के दौरान 2765 नए मामले सामने आए जबकि 4031 मरीजों ने कोरोना का मात दी। राज्य में अब तक 10 लाख 16 हजार लोग इस महामारी से निजात पा चुके हैं जबकि 15 और मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 4241 हो गई है।
 
कर्नाटक में 528 नए मामलों के साथ कोरोना के सक्रिय मामले बढ़कर 6076 हो गए। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 12,346 हो गया तथा अब तक 9.34 लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं। तमिलनाडु में 489 नए मामलों के साथ सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 3990 रह गई। अब तक 12504 लोगों की मौत हुई है जबकि 8.36 लाख से अधिक मरीज संक्रमणमुक्त हुए हैं।
 
पश्चिम बंगाल में कोरोना के 225 नए मरीज मिले हैं। यहां सक्रिय मामले घटकर 3245 रह गए और 10272 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 5.62 लाख से अधिक लोग स्वस्थ हुए हैं। वहीं पंजाब में 772 नए मामले सामने आने से हड़कंप मच गया। यहां भी सक्रिय मामले 395 बढ़कर 5593 हो गए। राज्य में संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या 1.72 लाख से अधिक हो गई है जबकि 5872 मरीजों की जान जा चुकी है।
 
छत्तीसगढ़ में 267 नए मामलों के साथ ही सक्रिय मामले बढ़कर 2961 हो गए हैं। राज्य में 3.06 लाख से अधिक लोग कोरोनामुक्त हो चुके हैं, वहीं मृतकों की संख्या बढ़कर 3848 हो गई। मध्य प्रदेश में 417 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से इंदौर में 163 नए कोरोना मिले हैं। यहां 3097 एक्टिव मरीज हैं तथा अब तक 2.55 लाख से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 3865 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है।
 
राजधानी दिल्ली में 240 नए मामले सामने आए जबकि 196 लोगों ने इस महामारी को मात दी। इस तरह यहां अब तक 6,39,921 मरीज मिले हैं। इनमें से 6,27,423 लोग ठीक हो चुके हैं और 1584 का इलाज चल रहा है।
 
गुजरात में 475 नए मरीजों के साथ ही सक्रिय मामले बढ़कर 2638 हो गए हैं तथा 4412 लोगों की मौत हुई है और 2.64 लाख से अधिक लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी