12 लाख के पार पहुंची एक्टिव केस की संख्या, रिकवरी रेट में भी गिरावट

सोमवार, 12 अप्रैल 2021 (11:59 IST)
नई दिल्ली। देश में कोरोनावायरस (कोविड-19) महामारी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है और पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 92,922 बढ़कर 12 लाख के पार पहुंच गए है। 
 
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार इस बीच देश में 1,68,912 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या 1 करोड़ 35 लाख 27 हजार 717 हो गई है। वहीं इस दौरान 75,086 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर अब तक 1,21,56,529 मरीज कोरोनामुक्त भी हो चुके हैं। सक्रिय मामले 92,922 बढ़कर 12,01,009 हो गए हैं। इसी अवधि में 904 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,70,179 हो गई है।

ALSO READ: कोरोना संक्रमण का खौफ, पीतांबरा शक्तिपीठ में दर्शन पर पाबंदी
 
देश में रिकवरी दर आंशिक घटकर 89.86 फीसदी और सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 8.88 प्रतिशत हो गया है जबकि मृत्युदर घटकर 1.26 फीसदी रह गई है। महाराष्ट्र कोरोना के सक्रिय मामलों में शीर्ष पर है और राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 28,937 बढ़कर 5,67,097 हो गई है। इस दौरान राज्य में 34,008 और मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 2782161 पहुंच गई है जबकि 349 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 57987 हो गया है।
 
सभी लोगों को लगे टीका : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सभी लोगों को कोविड-19 रोधी टीका लगाने की पैरवी करते हुए सोमवार को कहा कि यह देश की जरूरत है, क्योंकि सुरक्षित जीवन हर नागरिक का अधिकार है। 
उन्होंने पार्टी की ओर से 'स्पीकअप फॉर वैक्सीन्स फॉर ऑल' हैशटैग से चलाए गए सोशल मीडिया अभियान के तहत यह टिप्पणी की।


 
कांग्रेस ने सभी नागरिकों को टीका लगाए जाने की मांग करते हुए यह अभियान चलाया है। कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया कि कोरोना का टीका देश की जरूरत है। आपको इसके लिए अपनी आवाज उठानी चाहिए। सुरक्षित जीवन हर किसी का अधिकार है। राहुल गांधी ने देश में कोरोनावायरस संक्रमण के मामले बढ़ने, टीके की कमी और सभी के लिए टीके की मांग का उल्लेख वाला एक वीडियो शेयर भी किया।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी