मास्टर ब्लास्टर सिर्फ क्रिकेट मैदान में ही नहीं, बल्कि मैदान के बाहर भी चैंपियन हैं। क्रिकेट मैदान में उनके चमकदार प्रदर्शन ने उन्हें दर्शकों का चहेता बना रखा है। इसी कारण विज्ञापन कंपनियों के लिए सचिन बहुत बड़े ब्रांड हैं। वर्तमान में विश्व क्रिकेट के किसी भी अन्य खिलाड़ी से ज्यादा अनुबंध सचिन के पास हैं।
ND
इस ब्रांड छवि के पीछे कई कारण हैं। सचिन को उनके खेल के अलावा एक साफ-सुथरी छवि के कारण भी जाना जाता है। कई बार खेल के मैदान में तनाव के क्षणों में खिलाड़ी अपना आपा खो देते हैं, लेकिन सचिन ने कभी भी मैदान में अभद्रता नहीं दिखाई। उनके शालीन व्यवहार के कारण उत्पादों के प्रचार के लिए विभिन्न कंपनियों में सचिन को पाने की होड़ बनी रहती है।
क्रिकेट में कई कीर्तिमान बनाने वाले सचिन ने विज्ञापन अनुबंधों के भी रिकॉर्ड बनाए हैं। उन्होंने सबसे पहले 1995 में वर्ल्डटेल के साथ पाँच वर्ष का अनुबंध किया। इस अनुबंध की कीमत 30 करोड़ रु. थी जो उस समय एक रिकॉर्ड था। वर्ष 2001 में सचिन ने वर्ल्डटेल के साथ दोबारा अनुबंध किया। पाँच वर्ष के अनुबंध की इस बार कीमत 80 करोड़ रु. थी। इसके बाद सचिन ने 2006 में साच्ची एंड साच्ची के साथ तीन वर्ष का अनुबंध किया। तीन वर्ष के अनुबंध की कीमत थी 180 करोड़ रु.। वर्तमान में सचिन विश्व में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले क्रिकेटर हैं।
दूसरी कंपनियों का प्रचार करते हुए सचिन को खुद के व्यापार के बारे में विचार आया। उन्हें भोजन पकाने का शौक है। इसी को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने मुंबई में दो रेस्टोरेंट शुरू किए। एक कोलाबा और दूसरा मुलुंड में। इसके अलावा सचिन ने बंगलोर में भी एक रेस्टोरेंट खोला। वर्ष 2007 में सचिन ने स्वास्थ्य और खेल उत्पाद बाजार में लाने की घोषणा की।
इसका नाम भी 'एस ड्राइव' और एसच' रखा गया। जल्द ही सचिन बच्चों के बीच भी सुपर हीरो बनने वाले हैं। वर्जिन कॉमिक्स ने उन्हें सुपर हीरो के रूप में पेश करने की योजना बनाई है। सचिन की शख्सियत ही ऐसी है कि वे बच्चों से लेकर बड़ों के उपयोग में आने वाले हर उत्पाद के प्रचार के लिए कंपनियों की पहली पसंद हैं। सचिन की ही पीढ़ी के कई दिग्गज क्रिकेटरों से अब कुछ कंपनियों ने किनारा कर लिया है, लेकिन मास्टर ब्लास्टर विज्ञापन के मैदान में अभी भी नाबाद पारी खेल रहे हैं।
सचिन द्वारा प्रचारित उत्पाद : पेप्सी, कैनन, नजारा टेक्नोलॉजी, रिलायंस कम्युनिकेशन, ब्रिटेनिया, होम ट्रेड, सनफीस्ट, नेशनल एग कोआर्डिनेशन समिति, बूस्ट, एक्शन शू, एडिडास, फिएट पालिओ, रेनाल्ड्स, टीवीएस, ईएसपीएन स्टार स्पोर्ट्स, जी-हैज, सैन्यो बीपीएल, एड्स जागरूकता अभियान, कोलगेट-पामोलिव, फिलिप्स, एमआरएफ, वीसा (नोट : सभी तथ्य इंटरनेट पर दी गई जानकारी पर आधारित हैं।)