भारत की ऑस्ट्रेलिया पर 'विराट' जीत, 5 बार के चैंपियन को 36 रनों से हराया

रविवार, 9 जून 2019 (23:44 IST)
लंदन। ओपनर शिखर धवन (117) की फार्म में वापसी के बाद बनाए गए शानदार शतक और कप्तान विराट कोहली (82) तथा उपकप्तान रोहित शर्मा (57) के अर्धशतकों और यॉर्करमैन जसप्रीत बुमराह (61 रन पर 3 विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी से भारत ने गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को आईसीसी विश्वकप के महत्वपूर्ण मुकाबले में रविवार को 36 रन से पीट दिया।
 
भारत ने 50 ओवर में 5 विकेट पर 352 रन का मजबूत स्कोर बनाया, जो विश्व कप के इतिहास में किसी भी टीम का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वाधिक स्कोर था। ऑस्ट्रेलिया की टीम पहाड़ जैसे स्कोर के वजन तले दब गई और उसकी चुनौती 50 ओवर में 316 रन पर दम तोड़ गई।
 
विश्व की दूसरे नंबर की टीम भारत की विश्व कप में यह लगातार दूसरी जीत है और उसने ऑस्ट्रेलिया से पिछले विश्व कप के सेमीफाइनल में मिली हार का बदला चुका लिया। ऑस्ट्रेलिया को इस तरह तीन मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
 
ऑस्ट्रेलियाई टीम एक समय 2 विकेट पर 202 रन की सुखद स्थिति में थी, लेकिन रन गति तेज करने के दबाव में उसके विकेट गिरते चले गए। ओपनर डेविड वॉर्नर ने 56, कप्तान आरोन फिंच ने 36, स्टीवन स्मिथ ने 69, एलेक्स कैरी ने नाबाद 55, उस्मान ख्वाजा ने 42 और ग्लेन मैक्सवेल ने 28 रन बनाए।
 
भारतीय यॉर्करमैन जसप्रीत बुमराह ने 61 रन पर 3 विकेट लिए जबकि तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को 3 और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को 2 विकेट मिले। फिंच और मिशेल स्टार्क रन आउट हुए। शिखर अपने शतक के लिए प्लेयर ऑफ द मैच बने।
 
भारतीय कप्तान विराट ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। दोनों ओपनरों रोहित और शिखर ने अपने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए पहले विकेट के लिए 22.3 ओवर में 127 रन की बड़ी साझेदारी कर डाली। फार्म के लिए जूझ रहे शिखर ने इस मुकाबले में अपनी लय में लौटते हुए 109 गेंदों में 16 चौकों की मदद से 117 रन बनाए।
 
बाएं हाथ के बल्लेबाज़ 33 वर्षीय शिखर का 130 मैचों में यह 17वां वनडे शतक था। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी के सामने धैर्य और आक्रामकता के साथ खेलते हुए विश्व चैंपियन टीम के गेंदबाजों को शुरुआत में हावी होने का कोई मौका नहीं दिया।
 
पिछले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 127 रन बनाने वाले रोहित ने अर्द्धशतकीय पारी खेली और 70 गेंदों पर 57 रन में 3 चौके और 1 छक्का लगाया।
 
32 वर्षीय रोहित का यह 42वां अर्धशतक था। दोनों बल्लेबाज़ों ने अपनी शतकीय साझेदारी के साथ आईसीसी टूर्नामेंटों में सर्वाधिक 6 शतकीय साझेदारी करने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। भारत का पहला विकेट 121 के स्कोर पर गिरा जब रोहित को नाथन कोल्टर नाइल ने एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया।
 
रोहित का विकेट गिरने के बाद शिखर ने अपने कप्तान विराट के साथ दूसरे विकेट के लिए 93 रन जोड़े। शिखर अपना शतक पूरा करने के बाद 37वें ओवर की आखिरी गेंद पर मिशेल स्टार्क का शिकार बने। शिखर का कैच स्थानापन्न खिलाड़ी नाथन लियोन ने लपका।
 
ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को लोकेश राहुल और महेंद्र सिंह धोनी से ऊपर चौथे नंबर पर भेजा गया ताकि टीम तेज़ी से रन बटोर सके। पांड्या ने अपना काम बखूबी निभाते हुए आने के साथ ही कुछ शानदार शॉट खेले। उन्होंने लेग स्पिनर एडम जम्पा और तेज़ गेंदबाज़ पैट कमिंस पर छक्के जड़े।
   
विश्व के नंबर एक बल्लेबाज़ विराट दूसरे छोर पर जमकर खेल रहे थे और उन्होंने 55 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। यह विराट का 50वां अर्धशतक था। 
 
भारत की पारी के 300 रन 45.4 ओवर में पूरे हुए, लेकिन 300 रन पूरे होने के बाद अगली ही गेंद पर पांड्या ने आरोन फिंच को कैच थमा दिया। पांड्या का विकेट कमिंस ने लिया। पांड्या ने मात्र 27 गेंदों पर 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 48 रन की पारी खेली।
 
पांड्या का विकेट गिरने के बाद धोनी मैदान पर उतरे। विराट ने 47वें ओवर की पहली गेंद पर स्टार्क पर छक्का जड़ा जबकि धोनी ने तीसरी गेंद पर चौका मारा। 47 ओवर के बाद भारत का स्कोर 316 रन पहुंच गया जो विश्वकप के इतिहास में आस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी भी टीम का सर्वाधिक स्कोर है।
 
धोनी ने 48वें ओवर में मार्कस स्टोयनिस पर चौका लगाया और 49वें ओवर में स्टार्क की पहली दो गेंदों पर छक्का और चौका जड़ दिया। 49 ओवर के बाद भारत का स्कोर 338 रन पहुंच गया था। धोनी आखिरी ओवर की पहली गेंद पर स्टोयनिस को वापस कैच दे बैठे। उन्होंने 14 गेंदों पर 27 रन में 3 चौके और एक छक्का लगाया। लोकेश राहुल ने आने के साथ ही छक्का लगाया जबकि विराट इस ओवर की पांचवीं गेंद पर कमिंस को कैच दे बैठे।
 
विराट ने 77 गेंदों पर 82 रन में 4 चौके और 2 छक्के लगाए। भारतीय कप्तान अपने 42वें शतक से 18 रन दूर रह गए। राहुल ने आखिरी गेंद पर चौका मारकर भारत के 350 रन पूरे कर लिए। भारत ने 352 रन बनाए। राहुल 11 रन पर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्टोयनिस ने 62 रन पर 2 विकेट लिए जबकि कमिंस, स्टार्क और नाइल को 1-1 विकेट मिला।
 
ऑस्ट्रेलिया ने बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए 61 रन की अच्छी शुरुआत की जबकि वॉर्नर और स्मिथ ने दूसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े। स्मिथ और ख्वाजा ने तीसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी की।
 
वार्नर ने 84 गेंदों पर 56 रन में 5 चौके लगाए। फिंच ने 35 गेंदों पर 36 रन में 3 चौके और एक छक्का लगाया। स्मिथ ने 70 गेंदों पर 69 रन में 5 चौके और एक छक्का लगाया। ख्वाजा ने 39 गेंदों पर 42 रन में 4 चौके और एक छक्का लगाया। मैक्सवेल ने 14 गेंदों पर 28 रन में पांच चौके लगाए। 
 
निचले मध्य क्रम में विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने शानदार नाबाद अर्धशतक बनाया, लेकिन यह टीम को जीत की तरफ ले जाने के लिए काफी नहीं था। कैरी ने 35 गेंदों पर नाबाद 55 रन में पांच चौके और एक छक्का लगाया।
 
ऑस्ट्रेलिया का आखिरी विकेट आखिरी गेंद पर गिरा और भारत ने बड़ी जीत हासिल की और विश्व कप के लिए अपनी दावेदारी मजबूती से पेश कर दी। चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को इस हार से गहरा झटका लगा। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी