नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से दो दिन पहले आम आदमी पार्टी ने बुधवार को अपने एक सर्वेक्षण में खुद को 51 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत मिलने का अनुमान लगाया है, वहीं भाजपा को 15 और कांग्रेस को केवल चार सीटें मिलने की संभावना जताई है।
सर्वेक्षण की पद्धति के बारे में बताते हुए उन्होंने दावा किया कि राजधानी में आप की लहर चल रही है। यह सर्वे 31 जनवरी और एक फरवरी को किया गया, जिसमें 35 विधानसभा क्षेत्रों के 3,188 मतदाताओं से बात की गई।
आप का यह आंतरिक सर्वेक्षण चुनाव प्रचार समाप्त होने से एक दिन पहले आया है। कल इंडिया टुडे-सिसेरो के सर्वेक्षण में आप को 38 से 46, भाजपा को 19 से 25 जबकि कांग्रेस को 3 से 7 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था।
वहीं अंग्रेजी समाचार चैनल टाइम्स नाउ के ‘पोल ऑफ पोल्स’ में पांच सर्वेक्षणों के नतीजों के आधार पर 70 सदस्यीय विधानसभा में आप को 34, भाजपा को 32 और कांग्रेस को चार सीटें मिलने की संभावना जतायी गई है। (भाषा)