अरुण जेटली कराएंगे दिल्ली फतह

गुरुवार, 29 जनवरी 2015 (18:58 IST)
-विशेष संवाददाता
 
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के सिलसिले में कुछ सर्वेक्षणों में कांटे के मुकाबले और कुछ सर्वेक्षणों में आम आदमी पार्टी की बढ़त की अटकलों से भाजपा नेतृत्व के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आई हैं। हर कीमत पर दिल्ली फतह करने के मकसद से पार्टी नेतृत्व ने अब दिल्ली के अपने चुनाव अभियान की कमान वित्तमंत्री अरुण जेटली को सौंप दी है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक जेटली रोजाना एक घंटे भाजपा मुख्यालय में बैठेंगे और चुनाव अभियान की मॉनिटरिंग करेंगे। वैसे दिल्ली चुनाव के लिए भाजपा ने लगभग एक दर्जन केंद्रीय मंत्रियों को विभिन्न मोर्चों पर और हर विधानसभा सीट पर एक-एक सांसद की ड्‌यूटी लगा रखी है। इसके अलावा हर वर्ग और क्षेत्र के हिसाब से भी अन्य राज्यों के बड़े नेताओं को चुनाव अभियान में झोंक रखा है। 
 
इस सबके बावजूद बजट तैयार करने में व्यस्त जेटली को चुनाव अभियान की कमान सौंपना यह बताता है कि पार्टी नेतृत्व किसी भी स्तर पर कोई कसर नहीं रखना चाहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की यात्रा संपन्न हो जाने के बाद अब पूरी तरह अपना फोकस दिल्ली के चुनाव पर रखे हुए हैं। वे खुद भी भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में चार रैलियों को संबोधित करने वाले हैं। इस सिलसिले में दिल्ली के सातों सांसदों को रैली के लिए पर्याप्त भीड़ जुटाने का जिम्मा सौंपा गया है।

वेबदुनिया पर पढ़ें