FIFA WC 2018 : स्पेन के सामने होगी क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल

गुरुवार, 14 जून 2018 (17:10 IST)
सोच्चि। विश्व कप में आगाज से 2 दिन पूर्व ही अपने मुख्य कोच को गंवाकर विवादों में आई स्पेनिश फुटबॉल टीम रूस के सोच्चि में शुक्रवार को क्रिस्टियानो रोनाल्डो स्टारर पुर्तगाल के खिलाफ 21वें फीफा विश्व कप में जीत के साथ आगाज करने और अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए उतरेगी।


क्रिस्टियानो रोनाल्डो जैसे धुरंधर फुटबॉलर की अगुवाई में उतर रही पुर्तगाल और मजबूत स्पेनिश टीम पड़ोसी भी हैं। लेकिन यह मात्र दूसरा मौका है, जब फीफा विश्व कप जैसे बड़े मंच पर वे आपस में भिड़ रही हैं। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका में अंतिम-16 राउंड में दोनों के बीच रोमांचक मैच हुआ था जिसमें स्पेन 1-0 से विजेता रही थी।

ओवरऑल दोनों टीमों के बीच कुल 35 बार मुकाबले हुए हैं जिसमें स्पेन ने 16 जबकि पुर्तगाल ने 6 बार जीत अपने नाम की है और रूस में भी उसकी कोशिश इसी लय को बनाए रखने की होगी। हालांकि अपने ओपनिंग मैच से 2 दिन पूर्व ही कोच जुलेन लोपेतेगुई की बर्खास्तगी और उससे उठे विवाद का स्पेन पर दबाव रहेगा। टीम अब नए कोच फर्नांडो हिएरो के मार्गदर्शन में खेलेगी जिनके पास बहुत अनुभव नहीं है।

मौजूदा विश्व कप के लिए स्पेन ने हालांकि बढ़िया तैयारी की है और टीम में अनुभवी तथा युवा खिलाड़ियों का अच्छा संयोजन है। दूसरी ओर पूर्व यूरोपियन चैंपियन अपने स्टार रोनाल्डो के नेतृत्व में इस बार पुर्तगाल को हर हाल में बड़े खिताब के लक्ष्य के साथ उतर रही है।

पुर्तगाल के कोच फर्नांडो सांतोस ने भी अपने पूल 'बी' में विपक्षी स्पेन को सबसे मजबूत टीम बताया है। पुर्तगाल की टीम में रोनाल्डो के अलावा जोओ मारियो, रूई पैट्रिको, बेर्नाडो सिल्वा, जोओ मोटिन्हो जैसे अच्छे खिलाड़ी हैं, दूसरी ओर स्पेनिश टीम को सर्जियो रामोस, गेरार्ड पिक, आंद्रेस इनिएस्ता, डेविड सिल्वा, डिएगो कोस्टा जैसे मैच विजेताओं से सजी है और पुर्तगाल की तरह रोनाल्डो पर ही अकेली निर्भर नहीं है। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी