FIFA WC 2018 : विश्वकप के ओपनिंग मुकाबले में पहली बार 'बॉल गर्ल'

बुधवार, 13 जून 2018 (09:34 IST)
एग्रिज। रूस में गुरुवार से शुरू होने जा रहे फुटबॉल विश्वकप के ओपनिंग मुकाबले में इस बार प्रथा बदलते हुए लड़कों के बजाय 14 रूसी लड़कियां 'बॉल गर्ल' की भूमिका में उतरेंगी जो फीफा टूर्नामेंट के इतिहास में पहला मौका होगा।


13 से 16 वर्ष की लड़कियों को मॉस्को से 800 किलोमीटर दूर छोटे से स्थान एग्रिज से चुना गया है। मात्र 19 हजार लोगों की आबादी वाले इस नगर से 14 लड़कियों को बॉल गर्ल की भूमिका के लिए चुना गया है। इनका चयन बकायदा मेजबान देश की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम ने किया है और यह पहला मौका है जब इस भूमिका को ओपनिंग मैच में केवल लड़कियों का समूह निभाएगा।

चुनी हुई ये लड़कियां राष्ट्रीय जूनियर फुटबॉल टीम की भावी उम्मीदवार भी हैं। उनके कोच इदार इइियातोव ने कहा, यह सब इन लड़कियों के लिए किसी सपने के जैसा है। सभी 14 लड़कियां रूस के तारतास्तान नामक क्षेत्र की फुटबॉल टीम में खेलती हैं और मॉस्को में फीफा विश्वकप में रूस और सउदी अरब की टीमों के बीच उद्घाटन मैच से पूर्व फुटबॉल का आदान-प्रदान करेंगी।
स्थानीय विश्वकप आयोजन समिति ने बताया कि विश्वकप के 64 मैचों में इस बार 776 बच्चे बॉल ब्वॉय और बॉल गर्ल की भूमिका निभाएंगे लेकिन यह पहला मौका है जब फीफा विश्वकप के ओपनिंग मैच में सभी लड़कियों का समूह बॉल गर्ल की भूमिका में उतरेगा।

ओपनिंग मैच में बॉल गर्ल की भूमिका निभाने जा रहीं डारिया वासिलेवा ने कहा, लड़कियां कमजोर नहीं होती हैं और हम हमेशा ही लड़कों से समान स्तर पर स्पर्धा के लिए तैयार रहती हैं। विश्वकप में हम सभी एक होकर उतरेंगे और फुटबॉल टीमों को गेंद पास करेंगे। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी