गुजरात मॉडल पर मीडिया सफेद झूठ बोल रहा है: अरविन्द केजरीवाल

शनिवार, 15 मार्च 2014 (10:00 IST)
FILE
नागपुर। मीडिया पर दिए गए अपने विवादित बयान से बेपरवाह आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने यह कहते हुए मीडिया पर निशाना बनाना जारी रखा कि यह वास्तव में मीडिया है जो हमें दिनरात धमकाती है।

केजरीवाल ने शुक्रवार को यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘समाचार चैनलों में इस बात के लिए चर्चा चल रही है कि केजरीवाल ने मीडिया को धमकी दी है। हम तो काफी छोटे हैं, हम आपको कैसे धमकी दे सकते हैं? आप (मीडिया) हमें दिनरात धमकी देना जारी रखे हुए हैं।’

उन्होंने कहा कि अगर न्यायाधीश, विधायक या अधिकारी रिश्वत लेते हैं, तब उन्हें दंडित किया जाता है, अगर मीडिया पैसा लेकर नरेन्द्र मोदी का महिमा मंडित करती तब उन्हें दंडित नहीं किया जाना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी को आगे बढ़ाने के लिए विकास के गुजरात मॉडल पर किया जा रहा प्रचार-प्रसार दरअसल एक राजनीतिक साजिश है।

केजरीवाल ने कहा, ‘मीडिया के कुछ लोगों ने मोदी को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। एक कहानी गढ़ी गई है कि गुजरात विकसित हो गया। यह एक राजनीतिक साजिश है। गुजरात मॉडल के बारे में दरअसल यह एक तरह का राजनीतिक प्रचार-प्रसार है।’ उन्होंने गुजरात दंगों के मुद्दे पर मोदी पर निशाना साधा और कहा कि उन धब्बों को मिटाना मुश्किल है।

केजरीवाल ने सवालिया लहजे में कहा, ‘आप (मोदी) गुजरात दंगों के दाग कैसे साफ करेंगे?’ ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक यहां महाराष्ट्र में अपने तीन दिवसीय रोड शो के समापन पर एक रैली को संबोधित कर रहे थे। ‘आप’ की नेता अंजलि दमानिया यहां भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ेंगी।

मीडियाकर्मियों को जेल भेजने के बारे में बयान देकर राष्ट्रीय स्तर पर विवाद को जन्म देने वाले केजरीवाल ने अपने समर्थकों से कहा कि उनके (मीडिया के) खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए या नहीं।

केजरीवाल ने कहा, ‘मेरे उस बयान पर टीवी चैनलों पर चर्चा चल रही है, जिसमें मैंने कहा था कि उन्हें (मीडिया को) जेल भेज दूंगा। मैंने इसमें उन्हें धमकी कहां दी? हम छोटे लोग हैं। मीडिया का कहना है कि मोदी एक विकल्प हैं..मोदी विकास कर रहे हैं..गुजरात में शिक्षा फल-फूल रही है और वहां भ्रष्टाचार खत्म हो गया है।’

मोदी के विकास मॉडल को निशाने पर लेते हुए केजरीवाल ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री द्वारा किए गए दावों के उलट राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है, किसान खुदकुशी कर रहे हैं, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। इसके बावजूद मीडिया गलत सूचना दे रहा है।

उन्होंने दावा किया, ‘आप’ की कई टीमों ने गुजरात के 26 जिलों का दौरा किया और उन्होंने जो देखा वह हैरान कर देने वाला है...सफेद झूठ बोला जा रहा है। कोई भी काम बिना पैसे दिए नहीं होता। ड्राइविंग लाइसेंस पाने के लिए 5000 रुपए की रिश्वत देनी पड़ती है। बेरोजगारी का स्तर काफी ऊंचा है। किसी डीएसपी को तबादले के लिए 2.75 करोड़ रुपए खर्च करने पड़ते हैं।’

केजरीवाल ने कहा कि किसानों से जमीन ली जा रही है और उसे 1 रुपए प्रति वर्ग मीटर की दर से अंबानी और अदाणी को दे दिया जा रहा है। इसकी वजह से 800 से ज्यादा किसानों ने खुदकुशी कर ली है। पिछले 11 साल में 60,000 से ज्यादा लघु एवं मध्यम स्तर के उद्योग बंद हो चुके हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें