दुष्यंत चौटाला की पार्टी JJP को बड़ा झटका, 4 विधायकों ने पार्टी छोड़ी

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 17 अगस्त 2024 (18:06 IST)
Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम और जननायक जनता पार्टी (JJP) के नेता दुष्यंत चौटाला (Dushyant Chautala) को हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। पिछले 2 दिन में 4 विधायकों ने जेजेपी को बाय-बाय बोल दिया है। 2019 के विधानसभा चुनाव में जेजेपी ने 10 सीटें जीती थीं और भाजपा को समर्थन दिया था। 
 
पिछले दो दिनों में जजपा विधायक ईश्वर सिंह, देवेंद्र बबली, अनूप धानक और राम करण कला पार्टी का साथ छोड़ चुके हैं। पूर्व मंत्री और टोहाना से विधायक बबली ने पार्टी अध्यक्ष अजय चौटाला को अपना इस्तीफा भेज दिया है। कैथल की गुहला विधानसभा सीट से 2019 में चुनाव जीतने वाले ईश्वर सिंह ने भी जेजेपी से नाता तोड़ लिया है। दुष्यंत की जेजेपी ने लोकसभा चुनाव से पहले ही भाजपा सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया था। 
 
 2019 में किसका पलड़ा था भारी : वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 36.7 फीसदी वोट हासिल कर 40 सीटें जीतीं थीं, जबकि 90 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 46 सीटों की जरूरत होती है। उस समय दुष्यंत चौटाला ने भाजपा को समर्थन दिया था और खुद डिप्टी सीएम बने थे। जेजेपी को 10 सीटें मिली थीं, जबकि 31 सीटें जीतकर कांग्रेस दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। हालांकि 2014 भाजपा भाजपा ने 47 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया था। 
 
इस बार भाजपा के लिए मुकाबला आसान नहीं दिख रहा है क्योंकि लोकसभा चुनाव में पार्टी को नुकसान झेलना पड़ा था। इस बीच, कांग्रेस का भी उत्साह बढ़ा हुआ है। राज्य में 1 अक्टूबर को मतदान होगा और 4 अक्टूबर को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। आगामी चुनाव में जेजेपी को भी नुकसान उठाना पड़ सकता है। 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी