हरियाणा विधानसभा चुनाव में इन 5 दिग्गजों को मिली सबसे बड़ी जीत, कांग्रेस के मामन खान नंबर वन

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 9 अक्टूबर 2024 (08:30 IST)
Haryana election results : हरियाणा विधानसभा चुनावों में भाजपा ने जीत की हैट्रिक लगाकर इतिहास रच दिया। पार्टी ने हरियाणा में कांग्रेस की उम्मीदों को तोड़ते हुए और 10 साल की कथित सत्ता विरोधी लहर को बेअसर करते हुए शानदार जीत हासिल की। ALSO READ: कांग्रेस की हरियाणा में हार से महाराष्ट्र और झारखंड में कैसे बदलेंगे समीकरण, क्या कहते हैं विशेषज्ञ
 
खास बात यह है कि भाजपा और कांग्रेस का मत प्रतिशत लगभग बराबर रहा। दोनों दलों ने क्रमशः 39.94 प्रतिशत और 39.04 प्रतिशत मत प्राप्त किया। कांग्रेस ने जहां मत प्रतिशत में 11 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी की, वहीं भाजपा के मत प्रतिशत में तीन प्रतिशत की वृद्धि हुई। आइए नजर डालते हैं राज्य में 5 सबसे बड़ी जीतों पर... 
 
हरियाणा चुनाव में सबसे बड़ी जीत कांग्रेस नेता मामन खान के नाम रही। मामन ने फिरोजपुर झिरका में भाजपा उम्मीदवार नसीम अहमद को 98441 वोटों से हराया। फिरोजपुर झिरका समेत नूंह जिले की तीनों सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। 
 
हरियाणा के पूर्व मुख्‍यमंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने राज्य में दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। हुड्‍डा ने भाजपा की मंजू को 71,465 वोटों से हराया। हुड्‍डा भले ही बड़े मार्जिन से जीत गए लेकिन उनकी पार्टी बहुमत से काफी दूर रह गई। 
 
राज्य में भाजपा को सबसे बड़ी जीत गुरुग्राम में मिली। यहां भाजपा के मुकेश शर्मा ने 68045 वोट से जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा से बागी हुए निर्दलीय नवीन गोयल को करारी मात दी।
 
बादशाहपुर से भाजपा के राव नरबीर सिंह ने राज्य में चौथी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस के वर्धन यादव को 60705 वोटों से हराया। नरबीर सिंह को 1,45,503 वोट मिले जबकि वर्धन यादव 84,798 वोट ही हासिल कर सके। 
 
राज्य में 5वीं सबसे बड़ी जीत महिपाल धांडा के नाम रहीं। उन्होंने पानीपत ग्रामीण सीट पर कांग्रेस नेता सचिन कुंडू को 50 हजार से ज्यादा वोटों से हराया। 
Edited by : Nrapendra Gupta 
Photo courtesy : social media 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी