World Heritage Day :भारत में गर्मियों में घूमने की 10 अच्छी जगहें

अनिरुद्ध जोशी

सोमवार, 18 अप्रैल 2022 (12:04 IST)
ksshmir
10 best places to visit in summer : मार्च के दौरान गर्मी की शुरुआत हो जाती है जो कि जून मध्य तक रहती है। इस दौरान यानी गर्मी के दौरान भारत में घूमने के लिए यूं तो कई स्थान हैं लेकिन जहां जाकर आपको सुकून मिले और गर्मी का भी अहसान न हो ऐसी चुनींदा 10 जगहों को हम लेकर आए हैं आपके लिए। आओ जानते हैं गमियों में घूमने के लिए भारत की 10 खास जगहें।
 
 
1. गोवा : किसी भी समुद्र के किनारे घूमना मार्च माह में बहुत ही सुहाना और रोमांचक है। इसके लिए आप गोवा, मुंबई, पांडिचेरी, जगन्नाथ, द्वारिका, कोवलम, कन्याकुमारी, रामेश्वरम, लक्ष्यद्वीप, दमण और दीव, अंडमान और‍ निकोबार या फिर मांदरमोनी और दीघा में जा सकते हैं। हालांकि आप मुंबई होते हुए गोवा जाएं जो कि सबसे शानदार है।
 
 
2. शिलॉन्ग : यदि आप मार्च के माह में जंगल और बारिश का मजा लेना लेना चाहते हैं तो मेघालय जरूर जाएं। यहां प्रमुख रूप से शिलॉन्ग को जरूर देखें। मेघालय की राजधानी शिलॉन्‍ग भारत का सबसे खूबसूरत हिल स्टेशन है। इसे पूर्व का स्कॉटलैंड कहा जाता है। चेरापूंजी का स्‍थानीय और आधिकारिक नाम सोहरा है जो शिलॉन्‍ग से 56 किलो मीटर की दूरी पर है। यह खासी पहाड़ी के दक्षिणी किनारें पर स्थित एक छोटा सा कस्‍बा है। चेरापूंजी 12 महीने ही घनी बारिश के कारण विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है।
 
 
3. शिमला : भारत के अधिकतर पर्यटक हिमाचल घुमने जाते हैं। हिमाचल में शिमला और मनाली सबसे प्रसिद्ध स्थल है। यहां घाटी और चारों ओर हिमालय पर्वत की चोटियों का सुंदर दृश्‍य दिखाई देता है। शिमला से मनाली लगभग 275 किलोमीटर दूर है। चारों ओर से पहाड़ों से घिरे मनाली को देखकर रोमांच और रोमांस का अनुभव होता है।
 
4. ऊटी : तमिलनाडु का विश्‍व प्रसिद्ध शहर ऊटी हनीमून के लिए सबसे उपयुक्त स्थान है। इसे पहाड़ों की रानी कहा जाता है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल उधगमंडलम या ऊटी को डेस्टिनेशन स्पॉट बनाने में जॉन सुल्लिवन के योगदान को माना जाता है। यहां दूर-दूर तक फैली हरियाली, चाय के बागान, तरह-तरह की वनस्पतियां आपको मंत्रमुग्ध कर देगी। ऊटी में नीलगिरी पर्वतों की श्रृंखलाएं हैं। पहाड़ी से पहाड़ों, घाटियों और पठारों के नयनाभिराम दृश्य निहारना बेहद खूबसूरत अनुभव है। यहां इन्हें निहारने के लिए दूरबीन का प्रबंध किया गया है।
 
 
5. पचमढ़ी : मध्यप्रदेश में अमरकंटक के पास ही होशंगाबाद जिले में पचमड़ी बहुत ही खूबसूरत हिल स्टेशन है। ऊंचे ऊंचे पहाड़, झील, झरने, गुफाएं, जंगल सभी कुछ हैं यहां पर। झरनों के लिए आप मध्यप्रदेश के पचमड़ी में जाएं। हालांकि झरनों का शहर रांची को माना जाता है। भारत में भेड़ाघाट धुआधार (मध्यप्रदेश), कुंचिकल जल प्रपात (कर्नाटक), बरिपनी जल प्रपात (ओडिशा), नोहलिकैय जल प्रपात (मेघालय), नॉस्न्जितिंग जल प्रपात (मेघालय), क्यन्रएं जल प्रपात (मेघालय), दूधसागर झरना (गोवा– कर्नाटक), मीनमुतटी झरना (केरल), चित्रकूट झरना (छत्तीसगढ़) आदि कई जगहों पर शारदार झरनें हैं परंतु पचमढ़ी में आपको बहुत सारे झरने देखने को मिलेगें।
6. मसूरी : मसूरी हिल स्टेशन उत्तराखंड राज्य का पर्वतीय नगर है। यह देहरादून से 35 किलोमीटर और दिल्ली-एनसीआर से लगभग 250 किलोमीटर दूर है। इसे पहाड़ों की रानी कहा जाता है जो गंगोत्री का प्रवेश द्वार भी है। मसूरी के एक ओर से गंगा नजर आती है तो दूसरी ओर से यमुना नदी।  यहां पर दुर्लभ वनस्पतियां और जीव जंतु पाए जाते हैं। यहां के ऊंचे ऊंचे पहाड़ और हरी भरी छटा देखते ही बनती है। पतली घुमावदार सड़कें, हरे-भरे पेड़, दूर तक नजर आती ऊंची-नीची पहाड़ियां, एक ओर दूर नजर आते बर्फ से ढंके सफेद पहाड़, दूसरी ओर पहाड़ों की गोद में बने छोटे-छोटे घर यानी देहरादून शहर। यहां आकर कोई भी रोमांचित हो सकता है। हनीमून मनाने के लिए यह आदर्श स्थान है।
 
7. कोवलम : कोवलम समुद्री तट तिरुवनन्तपुरम सिटी से 16 किमी दूर है। यहां का समुद्र तट दुनियाभर में प्रसिद्धि है। यहां देखने और घुमने के लिए कई प्राकृतिक और सुंदर स्थान है। यह केरल के टॉप पर्यटन स्थल में से एक है। यहां से आप मुन्नार हिल स्टेशन भी जा सकते हैं।
 
 
8. मैकलॉडगंज : हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से नौ किलोमीटर की दूरी पर स्थित मशहूर पर्यटक स्थल मैकलॉडगंज गर्मियों की छुट्टियों के लिए बहुत ही आदर्श स्थान है। यहां जहां तक नजर जाए हिमालय पर्वत श्रृंखला की ऊंची-नीची चोटियां और बर्फ के साथ ही चट्टानों पर खड़े चीड़ और देवदार के हरे-भरे पेड़ किसी के भी मन को अपनी ओर खींचते नजर आते हैं। रात हो या सुबह-शाम ठंडी हवा के झोंके तन बदन को बेहद सुकून देते हैं। दिल्ली से मैकलॉडगंज की दूरी लगभग 450 किलो मीटर है। यहां पर बौद्ध लामा मंदिर, भागसूनाग मंदिर और झरना देखने लायक हैं।
 
 
9. अल्मोड़ा : अल्मोड़ा भारत के उत्तराखंड राज्य का एक बहुत ही सुंदर नगर है। इसके पूर्व में पिथौरागढ़ व चम्पावत, पश्चिम में पौड़ी, उत्तर में बागेश्वर, दक्षिण में नैनीताल स्थित है। अल्मोड़ा में घूमने लायक जगह जीरो पाइंट बहुत ही अद्भुत है जो बिनसर अभ्यारण्य में बहुत ऊंचाई पर स्थित है। यहां से आसमान को देखना बहुत ही रोमांचित कर देगा साथ ही यहां से केदारनाथ और नंदादेवी की चोटी को देखना तो आपके आश्चर्य और रोमांच को और भी ज्यादा बढ़ा देगा। यहां से हिमालय की वादियों का दृश्य आपको स्वर्ग में होने का अहसास देगा।
 
 
10. श्रीनगर : श्रीनगर के बहाने आप भारत के सबसे खूबसूरत राज्य जम्मू और कश्मीर में घूम सकते हैं। यहां जहां अमरनाथ की गुफा है तो दूसरी ओर बर्फ से ढंगे खूबसूरत पहाड़, झील और लंबे-लंबे देवतार के वृक्ष। यह वृक्ष समूचे कश्मीर की शोभा बढ़ाते हैं। खूबसूरत झीलों का कश्मीर घाटी में बसा श्रीनगर भारत के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है और खासकर हनीमून के लिए तो ये हमेशा से आइडियल डेस्टिनेशन रहा है। खूबसूरत झीलों के साथ ही आकर्षक बाग-बगीचों को भी यहां देखकर मन को सुकून मिलेगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी