फूलों की खूबसूरत वादियों में बसा नीदरलैंड

नीदरलैंड... ख्वाबों को सच करता परियों का देश... फूलों की सुंदर नगरिया... पवनचक्कियों की दुनिया और इन सबसे बढ़कर साइकिलों का देश। नीदरलैंड, जिसे हॉलैंड भी कहा जाता है, मौज-मस्ती और सुंदर नजारों वाला देश है।

यहाँ की सबसे खास बात यहाँ के लोगों का साइकिल प्रेम है। यहाँ की सरकार ने देश की प्राकृतिक सुंदरता को बचाने के लिए साइकिलों को काफी प्रमोट किया। वैसे भी यह देश काफी छोटा है, इसलिए दूरियाँ भी कम हैं। आप पैंतिस से पैंतालिस किलोमीटर के दायरे में यहाँ की राजधानी एम्‍स्‍टर्डम को निहार सकते हैं। फिर यहाँ की आबो-हवा का कहना ही क्या। यहाँ आकर आपका मन बरबस ही साइकिल चलाने के लिए मचल उठेगा।

प्रमुख्य आकर्षणः-
एम्‍स्‍टर्डम :- यह नीदरलैंड की राजधानी है। यह दुनिया के सबसे रंगीन शहरों में शुमार है। यहाँ आप खूबसूरत म्यूजियम, शानदार पब, अच्छे रेस्त्राँ के साथ-साथ खूबसूरत फूलों के मार्केट का जायजा ले सकते हैं। यह शहर कई खूबसूरत नहरों से जुड़ा है। यदि आप यहाँ आएँ तो क्रूज में सैर करना न भूलें।

नहरों के दोनों और ट्यूलिप के फूल खिले रहते हैं। इस खूबसूरत समाँ में अपने साथी के साथ क्रूज की सैर एक अनोखा अनुभव होगा। फिर यदि नाइट में वाइन क्रूज का लुत्फ उठाया जाए तो कहना ही क्या। यहाँ समर में कैनाल हाउस गार्डन आम लोगों के लिए खोल दिया जाता है। यहाँ की खूबसूरती और हरियाली देखते ही बनती है।

यहाँ यूरोप का सबसे पुराना ज‘आरटिस जू’ है । यहाँ आप रंगीन परिंदों से लेकर निराले वन्य जीवों को निहार सकते हैं। एम्‍स्‍टर्डम के दक्षिण में प्रसिद्ध रेडलाइट इलाका है।

यहाँ सेक्स शॉप्स, सेक्स म्यूजियम से लेकर ऐसा बहुत कुछ है, जिसकी कल्पना भी मुश्किल है। यहाँ सेक्स वर्किंग को व्यवसाय का दर्जा प्राप्त है। ये लोग न केवल टैक्स चुकाते हैं, बल्कि इन्हें लाइसेंस भी लेना पड़ता है।



इन गलियों में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सेक्स विंडो बनी रहती है। जहाँ युवतियाँ निर्वस्त्र खड़ी रहकर ग्राहकों को आकर्षित करती हैं। इन खिड़कियों पर चार घंटे खड़े रहने के एवज में इन्हें खासा टैक्स चुकाना पड़ता है। इसके साथ ही यहाँ कई खूबसूरत म्यूजियम हैं, जहाँ आपको डच इतिहास की अच्छी जानकारी मिल जाएगी।

रोटरडैमः- यह शहर हॉलैंड के दूसरे शहरों से कुछ अलग है। इस हाइटैक सिटी को निहारने के लिए आप यूरोमार्ट की मदद ले सकते हैं। यूरोमार्ट आधुनिक लिफ्ट है, जिसके जरिए आप 185 मीटर ऊँचाई पर जाकर रोटरडैम का पैरोनामिक व्यू देख सकते हैं।

यहाँ अनेक म्यूजियम हैं। इनमें से मेरीटाइम म्यूजियम काफी प्रसिद्घ है। मेरीटाइम म्यूजियम में आप अतीत के बड़े-बड़े जहाज देख सकते हैं। इस म्यूजियम में समुद्री यात्राओं से जुड़ी कई यादें संभालकर रखी गई हैं।

म्यूजियम निहारने के साथ ही स्पीडो हार्बर ट्रिप का लुत्फ लेना न भूलिएगा। स्पीडो के जरिए आप 75 मिनिट में पूरा रोटरडैम निहार सकते हैं।

क्यूकेनहॉफः इस जगह को देखकर आपको बरबस ‘सिलसिल’ फिल्म के गाने ‘देखा एक ख्वाब तो सिलसिले हुए...’ की याद आ जाएगी । वसंत के मौसम में दूर तक खिले ट्यूलिप के फूलों की अनुपम छटा देखते ही बनती है। इसे हॉलैंड का गार्डन कहा जाता है। यूँ भी नीदरलैंड दुनिया का सबसे बड़ा फूल उत्पादक और विक्रेता देश है। आप जब भी यहाँ आएँ, अपने हमसफर के लिए ट्यूलिप का उपहार खरीदना न भूलें।

कोस्टर डायमंडः- हीरा है सदा के लिए, यदि आप इस उक्ति पर विश्वास करते हैं तो कोस्टर डायमंड का चक्कर जरूर लगाइएगा। यहाँ अनगढ़ हीरों को बेहद खूबसूरती के साथ तराशा जाता है। आप यहाँ से हीरों के आभूषण खरीद ही नहीं सकते, बल्कि उन्हें तराशने की पूरी प्रकिया भी देख सकते हैं। यहाँ की सरकार हीरों के व्यवसाय को प्रमोट करने के लिए यहाँ फ्री विजिट करवाती है।


कब जाएँ - नीदरलैंड जाने के लिए अप्रैल से अगस्त तक का समय सबसे उपयुक्त है। समर और स्प्रिंग के मौसम में यहाँ फूलों की बहार देखते ही बनती है।

कैसे जाएँ- यदि आप भारत से जा रहे हैं तो दिल्ली और मुंबई से नीदरलैंड के लिए डायरेक्ट फ्लाइट्‍स हैं। और यदि यूरोप घूमने निकले हैं तो यूरो ट्रेन से अच्छा, सुविधाजनक और सस्ता और कुछ भी नहीं हो सकता। वैसे फ्लाइट सुविधा भी मौजूद है। इसके साथ ही नीदरलैंड में ट्राम और नहर का जाल बिछा हुआ है, जो पर्यटकों के लिए बेहद सुलभ है।

कहाँ ठहरें- यहाँ ठहरने के लिए मँहगे और सस्ते सभी प्रकार के होटल उपलब्ध हैं। इसके अलावा यहाँ की नहरों में कई पुरानी बोट को बोट हाउस में तब्दील कर दिया गया है। यह टूरिस्टों के लिए कम बजट में खूबसूरत लोकेशन में रात गुजारने का बढ़िया जरिया है। इसके अलावा यूथ हॉस्‍टल से लेकर कैम्पिंग तक कई अच्छे विकल्प हैं।

बजट- यदि हिंदुस्तान से जाएँ तो दो लोगों के लिए दो से ढ़ाई लाख का बजट बनाकर चलें। यदि यूरोप से जा रहे हैं तो छह से सात सौ यूरो काफी होंगे।

टिप्स-
· नीदरलैंड में घूमते समय ट्राम से संबंधित सारी जानकारी पहले ही ले लें। यहाँ टिकट दिनों के हिसाब से सस्ता-मँहगा होता रहता है। यदि सप्ताह भर का प्रोग्राम है तो वीकली टिकट काफी सस्ता पड़ेगा।

· यहाँ आप साइकिल की सवारी जरूर करें। साइकिल से नीदरलैंड जितना खूबसूरत दिखता है, उतना किसी अन्य से नहीं।

· यहाँ के रेडलाइट एरिए के नियम बेहद कड़े हैं, जिसमें किशोरों का प्रवेश बिलकुल वर्जित हैं। ध्यान रखें अन्यथा जेल की हवा खानी पड़ सकती है।

· यहाँ की सरकार नियम-कायदों को लेकर बेहद कड़ी है। अपना वीजा-पासपोर्ट और जरूरी कागज हमेशा सँभालकर रखें।

· यहाँ का डच आर्ट म्यूजिक फेस्टिवल काफी फेमस है। आप अपना टूर ऐसे फेस्टिवल को ध्यान में रखकर बनाएँगे तो आप नीदरलैंड की संस्कृति से काफी करीब से रू-ब-रू हो पाएँगे।
शुयात्रा

वेबदुनिया पर पढ़ें