Blood दान करोगे तो मिलेगा वीआईपी दर्शन, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में लागू हुई नई व्‍यवस्‍था

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 26 फ़रवरी 2026 (14:43 IST)
इंदौर से सटे ओंकारेश्वर प्रशासन ने रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल की है, जिसके तहत इंदौर से आने वाले श्रद्धालु यदि रक्तदान करते हैं, तो उन्हें बिना कतार में लगे वीआईपी प्रोटोकॉल के माध्यम से ज्योतिर्लिंग के निःशुल्क दर्शन कराए जाएंगे। ऐसे भक्‍तों को भगवान शिव के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े होकर घंटों इंतजार नहीं करना पडेगा। प्रशासन ने निर्णय लिया है कि समाज सेवा के इस कार्य में योगदान देने वाले भक्तों को विशेष सुविधा प्रदान की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से अब रक्तदाता श्रद्धालुओं को वीआईपी प्रोटोकॉल के अंतर्गत ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी जुगतावत ने बताया कि रक्तदान करने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के लिए निःशुल्क वीआईपी दर्शन की यह विशेष व्यवस्था प्रारंभ कर दी गई है। इसके माध्यम से रक्तदाताओं को वही सम्मान और सुविधा मिलेगी जो मंदिर के विशेष अतिथियों को प्राप्त होती है।

संसाधनों और स्टाफ की उपलब्धता को देखते हुए फिलहाल यह व्यवस्था सप्ताह के सभी दिनों के लिए उपलब्ध नहीं होगी। ब्लड कलेक्शन हेतु तैनात स्वास्थ्य टीम की संख्या अभी सीमित है, जिसके कारण शुरुआती चरण में यह सुविधा केवल मंगलवार और शनिवार को ही प्रदान की जाएगी। हालांकि, विभाग की योजना है कि भविष्य में व्यवस्थाओं को सुदृढ़ कर इसे सप्ताह के सातों दिन के लिए लागू कर दिया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम से जुड़ सकें।

क्‍या है रक्‍तदान के नियम : प्रशासन ने इस योजना के तहत रक्तदान करने वालों के लिए कुछ शारीरिक मापदंड भी तय किए हैं। ओंकारेश्वर आने वाले ऐसे दर्शनार्थी जिनकी आयु 18 से 60 वर्ष के मध्य है और जिनका वजन 45 किलोग्राम या उससे अधिक है, वे इस पुण्य कार्य का हिस्सा बन सकते हैं। रक्तदाताओं की सुविधा के लिए खंडवा जिला चिकित्सालय से विशेष ब्लड कलेक्शन वाहन और मेडिकल टीम ओंकारेश्वर में तैनात रहेगी, जो पूरी प्रक्रिया को सुगम बनाएगी।
Edited By: Naveen R Rangiyal

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी