इंदौर में 4 मार्च को होली खेली जाएगी। जबकि 8 मार्च को रंगपंचमी मनाई जाएगी। इंदौर में रंगपंचमी का अलग ही माहौल होता है। हालांकि अराजकता और सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज आबकारी विभाग ने दोनों ही दिन ड्राय डे घोषित कर दिया है। यानी होली और रंगपंचमी के दिन शराब की दुकानें बंद रहेगी। ऐसे में पीने वालों को पहले ही अपनी व्यवस्था करना होगी।
बता दें कि मध्यप्रदेश सरकार ने जहां 3 के साथ 4 मार्च को भी अवकाश घोषित कर दिया है, जिसमें सभी सरकारी दफ्तर और स्कूलों की छुट्टी रहेगी। वहीं होलिका दहन को लेकर अवश्य भ्रम की स्थिति रही, जिसके चलते आज और कल भी दहन के शुभ मुहूर्त बताए गए हैं। हालांकि पूरा शहर 4 मार्च को ही धुलेंडी मनाएगा, जिसमें रंग और गुलाल से होली खेली जाएगी और फिर 8 मार्च को रंगपंचमी मनेगी। दोनों दिन आबकारी विभाग द्वारा ड्राय-डे भी घोषित किया गया है और अवैध शराब की धरपकड़ भी की जाएगी। आज शाम राजवाड़ा पर सरकारी होली भी जलाई जाएगी।
इस वजह से ज्योतिषियों की राय जुदा जुदा : भद्रा और ग्रहण के चलते इस बार होली दहन को लेकर पंडितों और ज्योतिषियों की अलग-अलग राय रही। हालांकि आज भी शहर में होलिका दहन किया जा रहा है। वहीं होलकर परिवार की भी सरकारी होली राजवाड़ा पर आज शाम ही जलेगी। इसके साथ ही शहरभर में फाग उत्सव के आयोजन भी चल रहे हैं, तो बाजार में पिचकारी, रंग, गुलाल सहित अन्य सामग्रियों की दुकानें लग गई है। होलिका दहन भले ही दो दिन आज और कल किया जा रहा हो, मगर इंदौर सहित पूरे प्रदेश में 4 मार्च को ही धुलेंडी मनाई जा रही है। पहले शासन ने 3 मार्च का अवकाश घोषित किया था, जिसके बाद चार मार्च को भी छुट्टी की सुविधा दी गई।
Edited By: Naveen R Rangiyal