सावधान! इस कुए के पानी छूते ही बन जाओगे पत्थर...

शनिवार, 30 जुलाई 2016 (13:37 IST)
लंदन। कहानियों में लोगों के पत्थर बनने और पत्थर से इंसान बनने के बारे में पढ़ा है, लेकिन इंग्लैंड में हकीकत में इस तरह का कुआं है। इस रहस्यमय कुएं के बारे में कहा जाता है कि इसके पानी को छूने वाली हर चीज पत्थर की हो जाती है। 
इंग्लैंड में निड नदी के किनारे पर बसे नेयर्सबरो कस्बे में एक कुआं ऐसा है जिसे स्थानीय लोग दैत्य का कुआं मानते हैं। यह ऐसा रहस्य है, जिसका जिक्र आते ही लोग खौफ खा जाते हैं। यह कुआं दुनिया भर में अपने रहस्यमय पानी के लिए जाना जाता है। ऐसा कहते हैं कि इस कुएं के पानी में जो भी कुछ गिर जाता है तो वह पत्थर में बदल जाता है। 
 
इस कुएं में गिरने वाली पत्तियां, लकड़ियां या फिर जीव सब कुछ पानी के गिरने के कुछ समय बाद पत्थर में बदल जाते हैं। नदी के किनारे स्थित इस कुएं के पास कोई भी इंसान जाना पसंद नहीं करता है। लोगों को डर लगता है कि अगर वे भी इस कुएं के संपर्क में आए, तो वह भी पत्थर में बदल जाएंगे।
 
साहसिक यात्राओं (एडवेंचर ट्रिप) पर आने वाले लोग यहां अपना कुछ सामान छोड़ जाते हैं और फिर कुछ हफ्तों बाद उसे पत्थर में बदलता हुआ देखने आते हैं। यहां आज भी 18वीं सदी का विक्टोरियन टॉप हैट जैसी चीजें देखने को मिलती हैं।
 
टैडी बियर, साइकिल और केतली जैसी ये चीजें अब पूरी तरह पत्थर में बदल चुकी हैं। अब यह पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होता जा रहा है और लोग कुएं से गिरते पानी के नीचे अपना सामान लटका जाते हैं, ताकि बाद में उसे पत्थर में बदलता देख सकें।
 
वैज्ञानिकों ने अपनी जांच में पाया है कि इस कुएं के पानी में कुछ ऐसे तत्वों की मात्रा बहुत ज्यादा है, जिससे हर चीज पत्थर बन जाती है। हालांकि लोग इसे सामान्य कुआं नहीं मानते लेकिन डेली मेल का कहना है कि इस कुंए के पानी में लवण तत्व बहुत अधिक मात्रा में हैं और इसमें टर्फा और ट्रेवरटिन रॉक होने के कारण विभिन्न वस्तुओं और चीजों पर कड़ी धातु का एक कवच सा बन जाता है जिसके बारे में कहा जाता है कि यह पत्‍थर का बन गया है।

वेबदुनिया पर पढ़ें