वॉशिंगटन, ब्रसेल्स, मॉस्को। यूक्रेन की अस्थिर राजनीतिक स्थिति में सुधार के लिए उचित कदम उठाने में मॉस्को के विफल रहने पर अमेरिका ने रूस की आर्थिक सेवाओं और ऊर्जा क्षेत्रों पर अतिरिक्त तथा कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं।
यूरोपीय संघ ने भी रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाते हुए यूरोपीय निवेश बैंक से कहा है कि वह मॉस्को के साथ नए आर्थिक समझौतों पर हस्ताक्षर न करे।
इन प्रतिबंधों पर प्रतिक्रिया देते हुए रूस ने गुरुवार को अमेरिकी प्रतिबंधों को घृणित और अस्वीकार्य बताते हुए जवाबी कार्रवाई की धमकी दी है।
आतंकवाद और वित्तीय इंटेलिजेंस मामलों से संबंधित अमेरिकी उप वित्तमंत्री डेविड एस. कोहेन ने कहा कि रूस अपने बयानों से अलग लगातार यूक्रेन को अस्थिर करने में और अलगाववादियों को सहयोग देता रहा है।
उन्होंने कहा कि चूंकि रूस अंतरराष्ट्रीय व्यवहार के आम मानकों पर खरा उतरने में विफल रहा है इसलिए हम गुरुवार को रूस की आर्थिक सेवाओं और ऊर्जा क्षेत्रों को प्रतिबंधित कर रहे हैं।
इसके साथ ही हम रूस के दो प्रमुख बैंकों और दो प्रमुख ऊर्जा कंपनियों की पहुंच अमेरिकी आर्थिक स्रोतों तक सीमित कर रहे हैं। हम 8 हथियार कंपनियों और रूस के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कड़े प्रतिबंध लगा रहे हैं। (भाषा)