भारतीय सेना प्रमुख चीन के सैन्य अधिकारियों से मिले
गुरुवार, 3 जुलाई 2014 (21:23 IST)
FILE
बीजिंग। सेना प्रमुख जनरल बिक्रम सिंह ने गुरुवार को चीन के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ बैठकें कीं और सीमा पर शांति बहाल, नए सीमा रक्षा व्यवस्था को क्रियान्वित करने तथा समुद्री सुरक्षा समेत विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। चार दिन के सरकारी यात्रा पर सिंह यहां आए हुए हैं।
पिछले नौ साल में सिंह भारत के पहले सेना प्रमुख हैं जिन्होंने चीन की यात्रा की है। उन्होंने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल फांग फेंगहुई समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें की।
भारतीय अधिकारियों के अनुसार सिंह ने फांग के साथ विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। इसमें दोनों देशों की सेनाओं के बीच सहयोग, पिछले साल हुए सीमा रक्षा सहयोग समझौते (बीडीसीए) के क्रियान्वयन तथा दोनों सेनाओं के बीच उच्च स्तरीय आदान-प्रदान शामिल हैं।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार सेना प्रमुख ने फेंग के साथ सीमा पर शांति बनाए रखने, समुद्री सहयोग, सशस्त्र बलों के बीच बातचीत तथा वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मामलों समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
यह साल चीन और भारत के बीच ‘दोस्ताना आदान-प्रदान का वर्ष है। इस दौरान दोनों देशों की सेनाओं की ओर से मिल जुल कर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। ऐसे कार्यक्रमों में चौथा आतंकवाद रोधी चौथा संयुक्त अ5यास शामिल है जो भारत में होना है। बैठक के दौरान फेंग तथा सिंह ने सीमा पर शांति बनाए रखने की बात दोहराई।
जनरल सिंह का स्वागत करते हुए फांग ने कहा, भारत में नई सरकार के गठन के बाद आप पहले वरिष्ठ सैन्य अधिकारी हैं जो यहां आए हैं। यह इस बात को प्रतिबिंबित करता है कि भारत द्विपक्षीय संबंधों को काफी अहमियत देता है। सिंह की यात्रा दोनों देशों की सेनाओं के बीच संपर्क बढ़ाने के उपायों का हिस्सा है।
फेंग के साथ बैठक के बाद भारतीय सेना प्रमुख ने चीन के सैन्य आयोग के उपाध्यक्ष जनरल फेन चांगलोंग से मुलाकात की। राष्ट्रपति शी चिनफिंग के नेतृत्व वाला यह शक्तिशाली आयोग सैन्य बलों के सभी अंगों का नियंत्रण करता है।
जनरल सिंह उपराष्ट्रपति ली युआनचाओ और उप कार्यकारी विदेश मंत्री झांग एसुई से भी मुलाकात की। सिंह ने झांग से मुलाकात की क्योंकि विदेश मंत्री वांग ई राष्ट्रपति शी के साथ दक्षिण कोरिया की यात्रा पर हैं। भारतीय अधिकारियों के अनुसार वह चीन के रक्षा मंत्री चांग वानकुआन से नहीं मिल सके क्योंकि वह शहर से बाहर हैं।
सिंह की बैठकों के संबंध में मीडिया को आमंत्रित नहीं किया था। सिंह 5 जुलाई को शंघाई जाने वाले हैं। अपनी यात्रा के अंतिम दिन वह एक चीनी नौसैनिक जहाज देखेंगे। (भाषा)