अमेरिका में मसाज पार्लर में गोलीबारी से 8 लोगों की मौत, संदिग्ध हिरासत में

बुधवार, 17 मार्च 2021 (09:05 IST)
अटलांटा। अमेरिका के अटलांटा शहर में 2 मसाज पार्लर और एक उपनगर में एक मसाज पार्लर में गोलीबारी में 8 लोगों की मौत हो गई जिनमें कई एशियाई महिलाएं भी शामिल हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि इस घटना के बाद दक्षिण-पश्चिम जॉर्जिया में 21 वर्षीय व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। अटलांटा पुलिस प्रमुख रोडनी ब्रायंट ने बताया कि उत्तर-पूर्वी अटलांटा में एक स्पा में 3 महिलाएं मारी गईं जबकि एक अन्य स्पा में 1 और महिला मारी गई। उन्होंने बताया कि ऐसा लगता है कि ये चारों महिलाएं एशियाई थीं।

ALSO READ: नाइजर में यात्रियों से भरे 4 वाहनों पर अंधाधुंध गोलीबारी, 58 लोगों की मौत
 
अटलांटा पुलिस के अधिकारियों को स्थानीय समयानुसार शाम 5 बजकर 50 मिनट पर एक स्पा में गोलीबारी की सूचना मिली, जहां 3 महिलाएं मृत पाई गईं और उनके शरीर पर गोली लगने के निशान थे। अधिकारी घटनास्थल पर ही थे कि इतने में उन्हें एक और स्पा में गोलीबारी की सूचना मिली और वहां 1 महिला मृत पाई गई। इससे पहले शाम करीब 5 बजे अटलांटा से करीब 50 किलोमीटर उत्तर में एकवर्थ शहर में 'यंग्स एशियन मसाज पार्लर' में 5 लोगों को गोली लगने की सूचना मिली। चेरोकी काउंटी शेरिफ कार्यालय के प्रवक्ता कैप्टन जे बेकर ने बताया कि 2 लोगों की मौत हो गई और 3 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनमें से भी 2 की मौत हो गई।

ALSO READ: पश्चिम बंगाल में नहीं थम रही सियासी हिंसा, भाजपा नेता पर चलाई गोली
 
बेकर ने बताया कि अधिकारियों ने अभी यह नहीं बताया है कि 'यंग्स एशियन मसाज पार्लर' में हमले में हताहत हुए लोग महिला थे या पुरुष या वे किस नस्ल के थे? अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी से कुछ मिनट पहले अपराह्न करीब 4.30 बजे एकवर्थ गोलीबारी के एक संदिग्ध को निगरानी वीडियो में देखा गया। बेकर ने बताया कि वुडस्टॉक के रहने वाले रॉबर्ट आरोन लॉन्ग को हिरासत में लिया गया है। बेकर ने बताया कि उनका मानना है कि लॉन्ग अटलांटा गोलीबारी में भी शामिल है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी